गोड्डा में बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीनी
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 22 May 2026 11:02 PM
नहर चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े किया वारदात
गोड्डा शहरी और ग्रामीण इलाकों में इन दिनों चोरी, छिनतई और ठगी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. आये दिन दिनदहाड़े या देर शाम बाइक सवार अपराधियों द्वारा महिलाओं को निशाना बनाए जाने, बंद घरों और दुकानों के ताले तोड़े जाने तथा घर के सामने खड़े वाहनों की चोरी की घटनाओं से आम जनता के बीच असुरक्षा और दहशत का माहौल बन रहा है. ताजा मामला जिला मुख्यालय के नहर चौक के समीप गुरुवार की देर शाम का है, जहां बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मिली जानकारी के अनुसार, गायत्री नगर की पीड़ित महिला देर शाम अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान नहर चौक के पास केंद्रीय विद्यालय की ओर जाने वाली सड़क पर पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींचकर तेज रफ्तार में फरार हो गये. अचानक हुई इस घटना से महिला डर गयी और उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी वहां से गायब हो चुके थे. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके और उनकी पहचान की जा सके. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शाम के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है. शहरी इलाके में दिनदहाड़े और शाम के वक्त होने वाली छिनतई की घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सक्रियता से काम कर रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं. जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.– दिनेश कुमार महली, नगर थाना प्रभारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










