कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक दुर्घटनाग्रस्त, तीन छात्र घायल
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 11 Jun 2026 10:39 PM
एसपी कॉलेज दुमका से घर लौट रहे थे छात्र, घंघराबांध के समीप हुआ हादसा
गोड्डा-रामगढ़ मुख्य सड़क मार्ग पर पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के घंघराबांध के समीप गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना सड़क पर अचानक आये एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल छात्रों की पहचान अजीत बरेली, शैलू सोरेन एवं गणेश टुडू के रूप में हुई है. तीनों छात्र ललमटिया थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के निवासी हैं और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर एसपी कॉलेज दुमका से अपने घर लौट रहे थे. बताया जाता है कि ललमटिया जाने के क्रम में जैसे ही उनकी बाइक घंघराबांध के समीप पहुंची, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया. कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक बाइक पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क पर गिर गयी. हादसे में तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को प्राथमिक सहायता प्रदान की तथा उन्हें इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजा. घटना के बाद सभी घायलों को गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, तीनों छात्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गयी है. वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










