पोड़ैयाहाट में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवक गंभीर घायल
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 26 May 2026 11:16 PM
माउंट आसीसी स्कूल के पास हादसा, टोटो की लापरवाही की आशंका; दोनों रेफर, पुलिस जांच में जुटी
पोड़ैयाहाट-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर माउंट आसीसी स्कूल के समीप सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक पोड़ैयाहाट से हंसडीहा की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बाइक हंसडीहा की दिशा से आ रही थी. इसी दौरान सड़क पर अचानक आए एक टोटो की कथित लापरवाही के कारण दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी. टक्कर के बाद दोनों चालक सड़क पर गिर पड़े और उन्हें सिर सहित शरीर में गंभीर चोटें आयी. घायलों की पहचान पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव निवासी 31 वर्षीय मिस्टर अली (पिता जलील मियां) तथा पोखरिया अमदुमा निवासी 25 वर्षीय राजू अंसारी (पिता बसीर मियां) के रूप में की गयी है. दोनों वाहनों के नंबर क्रमशः जेएच 17एए 2463 एवं जेएच 17एसी 9004 बताये गये हैं.
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ैयाहाट पहुंचाया गया. वहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. पायल कुमारी ने प्राथमिक उपचार किया. स्थिति गंभीर होने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने हुए थे. यदि हेलमेट का उपयोग किया गया होता तो सिर में गंभीर चोटों से बचाव संभव था. हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हेलमेट के महत्व को उजागर किया है.पुलिस ने जब्त किये दोनों वाहन
सूचना मिलने पर पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. थाना प्रभारी महावीर पंडित ने लोगों से अपील किया कि बाइक चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें. उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार जागरूकता अभियान एवं वाहन जांच अभियान चला रही है, इसके बावजूद लापरवाही के कारण ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










