Giridih News :लोन रिकवरी एजेंट बताकर युवक के साथ मारपीट
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 20 Mar 2026 10:47 PM
Giridih News :शहर के बरगंडा स्थित नया पुल के समीप शुक्रवार को लोन रिकवरी एजेंट बताने वाले कुछ युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोवाड़ का रहने वाला पंकज तुरी है.
पंकज ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बहन के साथ बाइक से मोतीलेदा शादी का निमंत्रण देने जा रहा था. इसी दौरान नया पुल के पास चार से पांच युवकों ने उनकी बाइक रोक ली. आरोप लगाया कि सभी युवकों ने अपने आप को लोन रिकवरी एजेंट बताते हुए कहा कि उनकी बाइक की एक महीने की किस्त फेल है. इस पर उसने किस्त जमा करने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर उनसे 30 हजार रुपये की मांग कर दी.
दोनों पक्षों में हुई दो घंटे बहस
रुपयों की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गयी. दो घंटे तक बहस चलती रही. पंकज का आरोप है कि युवकों ने उसे जबरन बाइक से उतारा और मारपीट शुरू कर दी. मारपीट होते देख आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए. हालांकि, एक आरोपी अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग गया. घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने नगर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मौके पर बाइक को जब्त कर थाना ले गयी. इधर, पंकज ने पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
मामले की जांच की जा रही है : थाना प्रभारी
मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया की घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था. पुलिस ने एक बाइक को भी मौके से जब्त किया है. पीड़ित ने आवेदन दिया है. इसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










