Giridih News :दो वर्षों में आधा हुआ सरिया जलापूर्ति योजना का काम, 46 करोड़ है लागत
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 05 Jun 2026 11:29 PM
Giridih News :सरिया शहरी क्षेत्र में लगभग छह वर्षों से पेयजलापूर्ति बंद है. लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं. पूर्व में सरिया जब ग्राम पंचायत के अधीन था, उस समय लोगों को जलापूर्ति की जाती थी, जो नाकाफी थी. बाद में वह योजना पूर्णतः बंद हो गयी.
जलापूर्ति बंद होने से लोगों में पेयजल के लिए त्राहिमाम मच गया. इसकी शिकायत लोग अधिकारियों से बराबर करते रहे. इस बीच सरकार ने बड़की सरैया नगर पंचायत की अधिसूचना जारी कर दी. लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो, इसके लिए विश्व बैंक के सहयोग से जुडको ने लगभग 46 करोड़ रुपए की लागत से सरिया शहरी क्षेत्र के लिए पेयजलापूर्ति योजना स्वीकृत की. इसका उद्देश्य बड़की सरैया नगर पंचायत क्षेत्र के लगभग 22, 000 की आबादी की प्यास बुझाना था.
12 वार्डों में होगी जलापूर्ति
इस योजना के तहत बराकर नदी से पाइपलाइन द्वारा सरिया के सभी 12 वार्डों में गली-गली पेयजल की आपूर्ति करना, कर्मचारी आवास, पेयजल कनेक्शन, पांच वर्षों तक रखरखाव, इंटेक वेल, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, विद्युतापूर्ति और जनरेटर कन्वेयंस पाइपलाइन, राइजिंग मेन और वाल्व सिस्टम आदि का निर्माण व व्यवस्था करना शामिल है. इस अमृत योजना का भूमि पूजन केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी व बगोदर के तत्कालीन विधायक विनोद कुमार सिंह ने आठ अक्तूबर 2024 को किया था. लोगों में आस जगी थी कि दो वर्षों में उनके घरों में पीने का शुद्ध पानी पहुंच जायेगा. लेकिन, इसे पूरा होने में अब समय लगेगा.
काम की गति काफी धीमी
दो वर्षों में हुआ आधा ही काम हुआ है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया परिसर में पानी टंकी का निर्माण कराया जा रहा है. लगभग दो वर्षों में आधा ही काम हुआ है. इंटेक वेल, ट्रीटमेंट प्लांट समेत अन्य काम बाकी है. वार्डों में पाइपलाइन बिछायी गयी है. आर्थिक रूप से संपन्न लोग बाजार से बंद बोतल की पानी पीने के लिए खरीद कर ले जाते हैं, जो हर किसी परिवार के लिए संभव नहीं है. लोगों ने संवेदक से अपेक्षा की है कि धीमी गति से चल रहे इस योजना कार्य में गति लाएं, जिससे कि सरिया शहरी क्षेत्र के वासियों को शुद्ध पेयजल मिल सके.
दिसंबर तक पूरा करना है काम : कार्यपालक अधिकारी
बड़की सरैया नगर पंचायत के कार्यपालक अधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि संवेदक मेसर्स विकास कुमार को दिसंबर 2026 तक सुचारू रूप से जलापूर्ति शुरू करनी है. लेकिन, अभी तक आधा ही काम हुआ है. समय पर काम पूरा करने के लिए उन्होंने संवेदक को पत्र लिखा है. साथ ही पाइपलाइन बिछाने के दौरान गलियों में तोड़ी गयी पीसीसी को बरसात से पहले ठीक करने का निर्देश दिया है, ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानी नहीं हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










