Giridih News :मतदाताओं को दिलायी गयी मतदान करने की शपथ

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 22 Jan 2026 10:49 PM

विज्ञापन

Giridih News :16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में सभी अधिकारियों, बीएलओ, सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मियों, मीडिया कर्मियों समेत अन्य संबंधित अधिकारियों व अन्य लोगों को मतदाता दिवस की शपथ दिलायी गयी.

विज्ञापन

उपस्थित लोगों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प भी दिलाया गया. इसमें लोगों ने बिना किसी भेदभाव और प्रलोभन के स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नये मतदाताओं को वोटर आइडी कार्ड का वितरण था. वैसे युवा जिन्होंने हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी की है, उन्हें वोटर आइडी कार्ड दिया गया. एसआईआर, मतदाता सूची, मैपिंग कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलास्तर पर बीएलओ को सम्मानित भी किया गया. डीडीसी स्मृता कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस हमें भारत के प्रजातांत्रिक जीवन मूल्यों और परंराओं के प्रति जागरूक करता है. भारत अपने लोकतंत्र के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. हम सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि हम लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभायें. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सुदृढ़ और मजबूत बनाने में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ी है. डीडीसी ने ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं से मतदान प्रक्रिया में शामिल होकर भारत की लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा बनने का आह्वान किया.

लोकतंत्र की विशालता और विविधता हमारे लिए गर्व की बात

एसपी डॉ विमल कुमार ने कहा कि हमारे लोकतंत्र की विशालता और विविधता हमारे लिए गर्व की बात है. हमारे लोकतंत्र की गौरवशाली यात्रा में निर्वाचन आयोग की अहम भूमिका रही है. उन्होंने निष्पक्ष व समावेशी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन प्रणाली में कार्यरत सभी कर्मियों की सराहना की. उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना, नैतिक व समावेशी मतदान को बढ़ावा देना, नये व युवाओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराते हुए चुनावी प्रकिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करवाना, मतदाताओं के बीच चुनावी प्रक्रिया के संबंध में विश्वास को मजबूत करना है, ताकि अधिक से अधिक व्यक्तियों विशेषकर महिला व युवा वर्ग का निबंधन मतदाता सूची में किया जा सके. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola