Giridih News :ट्रांसजेंडर समुदाय समान अधिकार के हकदार : डीसी
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 19 Mar 2026 11:40 PM
Giridih News :डीसी रामनिवास यादव ने गुरुवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय ट्रांसजेंडर समिति की एक बैठक आयोजित की. बैठक का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण, अधिकारों की सुरक्षा तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ उन तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाना था. इस दौरान डीसी ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय समाज का अभिन्न हिस्सा है और उन्हें समान अधिकार व सम्मान मिलना चाहिए.
डीसी ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की पहचान, प्रमाण पत्र निर्गत करने, ट्रांसजेंडर कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आभा कार्ड, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मौके पर ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गयी. उन्होंने जरूरतमंदों को लाभान्वित करने के लिए योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया.
ट्रांसजेंडर समुदाय ने कराया समस्याओं से रूबरू
मौके पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किये. उन्होंने पहचान पत्र बनाने में आ रही कठिनाइयों, रोजगार के अवसरों की कमी तथा सामाजिक भेदभाव जैसी समस्याओं को उठाया. इसपर डीसी ने संबंधित विभागों को त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया और कहा कि समस्याओं के निराकरण के लिए नियमित रूप से इस प्रकार की बैठकें आयोजित की जायेंगी.
संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपील
मौके पर स्वास्थ्य विभाग को ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया. शिक्षा विभाग को भी ट्रांसजेंडर बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल करने को निर्देशित किया गया. डीसी ने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की और कहा कि प्रशासन का लक्ष्य एक समावेशी समाज का निर्माण करना है, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिल सके.
ये थे उपस्थित
बैठक में एसपी डॉ बिमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी, गिरिडीह व खोरीमहुआ के एसडीओ, सभी बीडीओ, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










