Giridih News :रेलवे कर्मचारी के बंद आवास से लाखों की चोरी

Giridih News :गिरिडीह शहरी क्षेत्र में दिन-ब-दिन अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं. चेन छिनतई और बाइक चोरी की घटनाएं आम हो चुकी है. वहीं, बंद घरों को भी लगातार निशाना बनाया जा रहा है. नगर थाना क्षेत्र के करबला रोड में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली.
जानकारी के अनुसार करबला रोड स्थित गुरुकुल गली में एक घर लंबे समय से बंद था. इसका फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी कर ली. पीड़ित कुणाल कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज करायी है. कहा है कि जब आसपास के लोगों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा, तो उन्होंने इसकी सूचना उसके पिता को दी. इसके बाद उसे जानकारी मिला. घर की जांच के दौरान सामने आया कि चोरों ने करीब दो लाख रुपये नकद के साथ-साथ लगभग 10-12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी हुई है. अलमारी और अन्य सामान भी बिखरा हुआ मिला. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
स्वास्थ्य संबंधी कारणों से घर के सदस्य गये थे बाहर
कुणाल ने बताया कि वह रेलवे में काम करता है. उसकी पोस्टिंग चक्रधरपुर स्टेशन पर है. पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उनके माता-पिता भी बीते कुछ दिनों से घर पर मौजूद नहीं थे. घर सूना पड़ा हुआ था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया. स्थानीय लोगों की सूचना पर वह घर पहुंचे. घर के अंदर प्रवेश किया, तो घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था. अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और कपड़े व जरूरी दस्तावेज इधर-उधर बिखरे मिले. कमरों की स्थिति देखकर साफ जाहिर हो रहा है कि चोरों ने आराम से सामान जमा किया और लेकर चले गये.करबला रोड में पूर्व में भी कई बार हो चुकी है चोरी
बता दें कि करबला रोड में चोरी की यह घटना कोई पहली नहीं है. इससे पहले भी इसी इलाके में दो बार चोरी की घटना हो चुकी है. पुलिस किसी भी मामले का उद्भेदन नहीं कर पायी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं. जानकारी के अनुसार मई 2025 में करबला रोड के टावर गली के एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया था. अमित कुमार अपने परिवार के साथ कोडरमा गये थे. लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है. जांच करने पर करीब 60 हजार रुपये नकद और लगभग साढ़े पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की पुष्टि हुई थी. वहीं इससे पहले जुलाई 2024 के जुलाई महीने में शिव मंदिर गली में रामदेव राम के घर भी चोरी हुई थी. इस घटना में चोरों ने रात के समय घर में सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और इसके बाद घर के अन्य हिस्सों में जमकर उत्पात मचाया था. चोरों ने इस दौरान हजारों रुपये नकद के साथ-साथ लाखों रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था.
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहें हैं : थाना प्रभारी
मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया की टीम को जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा गया था. पुलिस टीम घर के अगल-बगल लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. जल्द ही सभी चोरी की घटनाओं का उद्भेदन कर लिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




