सम्मेद शिखरजी की पवित्रता और सुरक्षा को लेकर विश्व जैन संगठन ने उठायी आवाज, आंदोलन की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन

पारसनाथ सम्मेद शिखरजी

विश्व जैन संगठन ने श्री सम्मेद शिखरजी की पवित्रता और धार्मिक गरिमा के संरक्षण के लिए केंद्र और झारखंड सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. संगठन ने यात्रियों के पंजीकरण, बाइक और प्लास्टिक पर रोक, सीसीटीवी और धार्मिक मर्यादा भंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

धर्मेन्द्र गुप्त

गिरिडीह: जैन धर्म के सर्वोच्च तीर्थस्थल श्री सम्मेद शिखरजी की पवित्रता, धार्मिक गरिमा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व जैन संगठन ने केंद्र और झारखंड सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. संगठन का आरोप है कि तीर्थस्थल के संरक्षण और पवित्रता को लेकर केंद्रीय वन मंत्रालय की ओर से पांच जनवरी 2023 को जारी आदेश के बावजूद कई स्तरों पर नियमों का उल्लंघन हो रहा है. विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन ने प्रधानमंत्री कार्यालय, झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री कार्यालय, वन विभाग, गिरिडीह उपायुक्त और पुलिस प्रशासन को टैग करते हुए तीर्थराज की व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है.

यात्रियों के अनिवार्य पंजीकरण शुरू करने की मांग

विश्व जैन संगठन ने पर्वतराज की वंदना के लिए आने वाले यात्रियों का अनिवार्य पंजीकरण कराने की मांग की है. संगठन के अनुसार, वंदना के आरंभ स्थल पर सामान की जांच के लिए स्कैनर लगाया जाना चाहिए. साथ ही पुलिस और वन विभाग का संयुक्त चेक पोस्ट स्थापित कर तीर्थस्थल में प्रवेश करने वाले लोगों और सामान की निगरानी की व्यवस्था की जानी चाहिए.

ये भी पढ़ें... JPSC Protest: विधानसभा घेरने जुटे 10000 से अधिक छात्र, करीब 5000 छात्र धरने पर बैठे

बाइक और प्लास्टिक के प्रवेश पर रोक की मांग

संगठन ने पर्वतराज पर बाइक के संचालन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है. इसके अलावा अवैध दुकानों और झुग्गियों को हटाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक की बोतल समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गयी है.

पर्वतराज और सभी टोंकों पर सीसीटीवी की मांग

विश्व जैन संगठन ने सम्मेद शिखरजी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है. संगठन का कहना है कि सीसीटीवी के माध्यम से पर्वतराज और उसके आसपास होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकती है. इसके साथ ही पर्वतराज पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और सभी टोंकों पर भी सुरक्षा कर्मी नियुक्त करने की मांग की गयी है.

ये भी पढ़ें... JPSC परीक्षा विवाद में बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार

फिल्मी गानों पर रील बनाने वालों पर कार्रवाई की मांग

संगठन ने पर्वतराज की धार्मिक मर्यादा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगाने की मांग की है. संगठन का आरोप है कि पारसनाथ के पवित्र टोंकों और मंदिरों तक पहुंचकर कुछ लोग फिल्मी गानों पर रील बना रहे हैं. इससे जैन समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है. संगठन ने धार्मिक स्थलों पर अश्लील या आपत्तिजनक वीडियो रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

कार्रवाई नहीं हुई तो देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

विश्व जैन संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से अपनी मांगों पर जल्द कार्रवाई के आदेश जारी करने की अपील की है. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह पूर्व की तरह देशव्यापी आंदोलन करने को मजबूर होगा. संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार की होगी.


विज्ञापन
अमलेश नंदन सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमलेश नंदन सिन्हा

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola