Giridih News :भंडारीडीह के आंगनबाड़ी केंद्रों की सुधि किसी को नहीं
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 18 Mar 2026 11:15 PM
Giridih News :बेंगाबाद की भंडारीडीह पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र भगवान भरोसे संचालित हो रहे हैं. यहां के इसकी सुधि लेनेवाला जैसे कोई नहीं है.
संचालन के नाम पर सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ाकर खानापूर्ति की जाती है. बच्चों व अन्य लाभार्थियों को कुपोषण से बचाने व प्रारंभिक शिक्षा देने के दावे पर भी सवाल खड़ा हो रहा है. बुधवार को प्रभात खबर ने पंचायत में संचालित तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों का मुआयना किया. इस दौरान दिखे नजारों का आंखों देखा हाल.
दृश्य एक : अधनचुआ @ 12.15 बजे मध्याह्न
दोपहर के सवा बारह बजे अधनचुआ आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका कुमारी रेखा भारती और पोषण सखी सुशीला कुमारी मौजूद थीं, जबकि सहायिका गुड़िया वर्मा अनपुस्थित थी. पूछे जाने पर सेविका ने बताया कि वे आज नहीं आयी हैं. केंद्र में एक भी बच्चा नहीं था. बच्चों की अनुपस्थिति के बारे में बताया गया कि ईद के कारण बच्चे नहीं आ रहे हैं. पोषाहार पिछले तीन माह से उधारी पर चल रहा है. जब बच्चे आ ही नहीं आ रहे तो पोषाहार मद की राशि उठाव का मतलब बतानेवाला वहां कोई नहीं था. कार्यालय में जाकर उपस्थिति पंजी सहित अन्य वाउचरों को पर्यवेक्षिका से सत्यापित करा लिया जा रहा है.
दृश्य दो : दिघरिया कला @ 12.30 बजे मध्याह्न
साढ़े बारह बजे आंगनबाड़ी केंद्र दिघरिया कला में ताला लटका हुआ था. यहां ना तो आंगनबाड़ी सेविका थी और ना ही सहायिका और पोषण सखी. ऐसे में बच्चों की उपस्थिति के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता है. आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से यहां रंग-रोगन व सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है. ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं खुल रहा है.दृश्य तीन : दिघरिया खुर्द @ 12.40 बजे मध्याह्न
बारह बजकर चालीस मिनट पर आंगनबाड़ी केंद्र दिघरिया खुर्द में भी कोई कर्मी मौजूद नहीं थीं. यहां भी सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा था, जबकि केंद्र विद्यालय परिसर में ही स्थित है. यहां कई कमरे भी खाली हैं. यहां आसानी से केंद्र का संचालन संभव है, पर इस केंद्र का भी लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है.शो-कॉज किया जायेगा : पर्यवेक्षिका
पर्यवेक्षिका किरण कुमारी सिन्हा का कहना है कि केंद्र का सुचारु संचालन करना है. केंद्र नहीं खुला है या बच्चों की उपस्थिति नगण्य है तो इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जायेगा. कहा कि पूर्व में भी उक्त केंद्र के कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जा चुका है. कहा : शीघ्र ही विजिट कर स्थिति में सुधार का निर्देश दिया जायेगा.विभागीय कार्रवाई जरूरी है : मुखिया
इधर, केंद्र के संचालन में भारी गड़बड़ी के मामले को मुखिया अनिता कुमारी ने गंभीरता से लिया है. कहा आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में जवाबदेह कर्मी मनमानी कर रही हैं. विभागीय उदासीनता के कारण ऐसा हो रहा है और ग्रामीण बच्चों को केंद्र का लाभ नहीं मिल पा रहा है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. कहा : केंद्र अपने उद्देश्य से भटक गया है और कर्मी मनमानी पर उतर गये हैं. कहा : विभाग को इसकी जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










