Giridih News :अत्याधुनिक कैमरे से लैस होगा नावासारी टोल प्लाजा, तैयारी में जुटी एनएचएआई
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 07 Jun 2026 10:59 PM
Giridih News :बेंगाबाद-गिरिडीह एनएच 114 ए पर स्थित नावासारी टोल प्लाजा को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जायेगा. इसकी तैयारी में एनएचआई जुट गयी है.
विभाग के अधिकारियों ने टोल का जायजा लेकर यहां किये जाने वाले कार्यों की सूची तैयार की है. जल्द ही टेंडर निकालने में विभाग जुट गयी है. इस टोल गेट में अत्याधुनिक कैमरे भी लगाये जायेंगे.
सभी गेट पर लगेंगे 20-20 कैमरे
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यहां हर गेट पर करीब 20 सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे जो आने जाने वाले वाहनों की निगरानी करेगा. अत्याधुनिक कैमरे का पावर इतना अधिक होगा कि सौ से भी अधिक गति से गुजरने वाले वाहनों का नंबर प्लेट को रीड कर डाटा संरक्षित रखने में सक्षम होगा. इससे क्षेत्र में अपराध की घटनाओं को अंजाम देकर भाग निकलने वाले वाहनों की पहचान में पुलिस को सहूलियत होगी.
बेंगाबाद प्रभारी के पहल पर विभाग ने दिखाई गंभीरता
थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार कई प्रकार की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है. अपराध या सड़क दुर्घटना को अंजाम देकर वाहन तेजी से भाग निकलते हैं, जिसकी पहचान और पकड़ने में पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ती है. स्थिति को देखते हुए एनएचएआई के अधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए टोल गेट में हाई पावर का कैमरा लगाने की बात कही. इसके बाद एनएचएआई ने भी इसे गंभीरता से लिया और शीघ्र इस दिशा में पहल का भरोसा दिया है.
जर्जर छत व केबिन को भी किया जायेगा दुरुस्त
टोल गेट के छत व केबिन की स्थिति भी जर्जर हो गयी है. थाना प्रभारी के समक्ष कर्मियों ने परेशानी गिनायी थी. थाना प्रभारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को इस दिशा में भी पहल करने की बात कही. इसके बाद यहां का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने शीघ्र टेंडर कराकर सारी सुविधाओं को दुरुस्त करने का भरोसा दिया है. अधिकारियों के अनुसार नये संवेदक को तीन माह के लिए टेंडर मिला है. शीघ्र ही वह यहां सक्रिय होंगे. इसके बाद व्यवस्था को दुरुस्त की जायेगी. बता दें कि जर्जर केबिन और छत से कार्य करने वाले कर्मियों को परेशानी होती है. तेज हवा के समय छत से एस्बेस्टस के गिरने की संभावना से कर्मी भयभीत रहते हैं. ऐसे में आश्वासन मिलने के बाद कर्मियों में राहत की उम्मीद जगी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










