Giridih News :वेतन भुगतान नहीं होने से उच्च विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मियों में आक्रोश
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 07 Jun 2026 10:22 PM
Giridih News :झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने जिले के उच्च विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के मई माह के वेतन भुगतान में हो रही देरी से आक्रोश है. अब वे आंदोलन के मूड में हैं.
संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) वसीम अहमद से मुलाकात कर शिक्षकों के बकाया वेतन का अविलंब भुगतान करने की मांग की है. जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि डीइओ कार्यालय द्वारा हर महीने शिक्षकों के वेतन भुगतान में अनावश्यक देरी की जाती है.
उपस्थिति विवरणी जमा करने बाद भी शुरू नहीं की गयी है प्रक्रिया
कहा कि सभी विद्यालयों द्वारा उपस्थिति विवरणी डीइओ कार्यालय में जमा किये जाने के एक सप्ताह बाद भी विपत्र तैयार करने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गयी है. वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी गंभीर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं. संघ ने बताया कि कई शिक्षक और कर्मचारी इस समय गंभीर बीमारियों के कारण राज्य से बाहर विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं. इस बात की लिखित सूचना डीइओ कार्यालय को देने के बावजूद विभाग की ओर से कोई संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है. वेतन भुगतान की प्रक्रिया बेहद सुस्त है. यह कोई पहला मामला नहीं है जब शिक्षकों को वेतन के लिए गुहार लगानी पड़ रही है.
डीसी को सामूहिक मेल करने पर मिला था मार्च व अप्रैल का वेतन
पिछले मार्च और अप्रैल महीने के वेतन के लिए भी सैकड़ों शिक्षकों को डीसी को मेल करना पड़ा था. उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद ही पिछले दो महीनों का वेतन जारी हो सका था. शिक्षकों का कहना है कि हर महीने वेतन पाने के लिए उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित होना पड़ता है. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मई माह का वेतन जल्द से जल्द जारी नहीं किया गया, तो वे आगे की रणनीति बनाने को बाध्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










