Giridih News :स्वास्थ्य क्षेत्र में काम कर रही है सरकार : कल्पना सोरेन

Giridih News :गांडेय सीएचसी में आयोजित नौ दिवसीय नेत्र जांच सह ऑपरेशन शिविर का उद्घाटन बुधवार को विधायक कल्पना सोरेन ने किया. कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में काम कर रही है.
विधायक ने किया नौ दिवसीय नेत्र जांच शिविर का उद्घाटन
बोकारो ओल्ड जेव्रियंस एलुमिनी ट्रस्ट व शंकर नेत्रालय के संयुक्त तत्वाधान में कैंप शुरू
बुधवार को सीएचसी गांडेय में आयोजित नौ दिवसीय नेत्र जांच सह ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने किया. कार्यक्रम का संचालन डॉ सुनील कुमार तिवारी ने किया, जबकि स्वागत भाषण सिविल सर्जन डॉ एसपी मिश्रा ने प्रस्तुत किया. शिविर का आयोजन शंकर नेत्रालय और बोकारो ओल्ड जेव्रियंस एलुमिनी ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है. विधायक कल्पना सोरेन ने ट्रस्ट के संस्थापक अरविंद चोपड़ा और अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता के प्रयासों और सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह ट्रस्ट कई सालों से स्वास्थ्य, शिक्षा व समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है. कहा कि आंखें शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं. शिविर में आकर लोग मोतियाबिंद सर्जरी शिविर का लाभ उठाएं. इसके साथ ही कल्पना ने कहा कि कलकत्ता, मद्रास समेत अन्य जगह शंकर नेत्रालय की शाखाएं हैं. प्रयास रहेगा कि झारखंड में भी एक शाखा हो. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, पूर्व विधायक केदार हाजरा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ रेखा झा, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, बीडीओ निसात अंजुम, सीओ मो हुसैन, इंस्पेक्टर कमाल खान, थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अबू कासिफ हसन, झामुमो नेता महालाल सोरेन, चांदमल मरांडी, मो. शब्बीर आदि अतिथि उपस्थित थे.
विधायक ने किया 22 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने बुधवार को गांडेय विधानसभा क्षेत्र की सात योजनाओं का उद्घाटन व 15 योजनाओं का शिलान्यास तेलोडीह में किया. इन योजनाओं की प्राक्कलित राशि 20 करोड़ 11 लाख 99 हजार है. इनमें से 149.16 लाख की योजनाओं का उद्घाटन व 1862.83 लाख की योजनाओं का शिलान्यास किया. कार्य एजेंसी ग्रामीण कार्य विभाग, पथ प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल, एनआरइपी, भूमि संरक्षण विभाग व भवन प्रमंडल है. इन योजनाओं की सौगात गांडेय, बेंगाबाद व सदर की पंद्रह पंचायतों को मिला है. तेलोडीह में सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने हेमंत सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की. कहा कि विकास योजनाओं को निरंतर क्रियान्वित कर जनता को लाभ दिया जा रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना पर विस्तार से बात रखी.
विधायक से मिला बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल, गिरिडीह कोर्ट भवन का स्थानांतरण नहीं करने की मांग
गिरिडीह से कोर्ट भवन को जोगीटांड़ ले जाने का मामला गरमाता जा रहा है. इस सवाल पर बुधवार को पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उत्सव उपवन होटल में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन से भेट कर तत्काल कोर्ट भवन के स्थानांतरण के मामले पर रोक लगाने का आग्रह किया. प्रतिनिधिमंडल में शामिल अधिवक्ता संघ के महासचिव चुन्नूकांत, उपाध्यक्ष अजय कुमार सिन्हा व चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने इस संबंध विस्तार से जानकारी दी. चंद्रमोहन प्रसाद ने कहा कि कोर्ट भवन को यहां से जोगीटांड ले जाने का फैसला अव्यवहारिक है, क्योंकि यहां पर 50 से अधिक कोर्ट भवन और न्यायिक अधिकारियों के आवास के लिए पर्याप्त भूमि है. इसके बावजूद इसे वहां ले जाना हितकर भी नहीं है और उचित भी नहीं. इसी मसले पर महासचिव चुन्नूकांत ने कहा कि जिस इलाके पर कोर्ट भवन को स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है, वह पूरी तरह से असुरक्षित है. क्योंकि उसके नीचे से कोयला तो निकाल कर बालू नहीं भरा गया है. इससे धंसान का खतरा है. दिया गया, लेकिन उसमें बालू नहीं भरा गया. उनके इस तर्क का चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला और संघ के उपाध्यक्ष अजय कुमार सिन्हा मंटू ने भी समर्थन किया. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से आग्रह किया कि वह मंत्री विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के लिए समय तय कर दें. लेकिन इस बीच बार भवन के लिए जो टेंडर निकल गया, उसे फिलहाल स्थगित करने का प्रयास करें. निधायक ने मामले को गंभीरता से लिया और कहा कि इस मसले पर वह मंत्री श्री सोनू और मुख्यमंत्री से करेंगी. प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता राजीव कुमार, बब्बन खान, दिनेश शर्मा, सतीश कुंदन, सुमित आदि शामिल थे.
गांडेय विधानसभा के लिए आठ चलंत चिकित्सा वाहन का किया उद्घाटन
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने कहा गांडेय विधानसभा नाम प्रदेश में छाया है. आने वाले दिनों में विकास के लिए जाना जायेगा. उन्होंने कहा अभी तो गांडेय में सौगात की शुरूआत हुई है. सभी के सहयोग से इस विधानसभा के विकास को गति देनी है. वह बुधवार को बेंगाबाद प्रखंड परिसर में आयोजित चलंत चिकित्सा वाहन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रही थी. कहा व्यक्ति जब स्वस्थ होगा, तभी हर बेहतर तरीके से काम कर सकेगा. राज्य सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य रही है. ग्रामीणों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गांडेय विधानसभा के लिए आठ चिकित्सा चलंत वाहन की व्यवस्था की गयी है. एक वाहन माह में 20 गांवों में पहुंचेगा. इस तरह आठों वाहनों से महीने में 160 गांव पहुंचेंगे. वाहन में मेडिकल टीम, दवा व जांच की व्यवस्था होगी. इस वाहन से समाज के हर वर्ग के लोगों को लाभान्वित किया जायेगा. कहा पूरी टीम को इसके लिए लगना होगा. एक अकेले से समाज का बदलाव संभव नहीं है. उन्होंने अधिकारियों को बेहतर तरीके से परिचालन सुनिश्चित करने की बात कही. कहा झारखंड में बड़ी-बड़ी कंपनियां काम कर रही है. वह अपने बजट में सीएसआर फंड रखें, ताकि यहां के लोगों को लाभ मिल सके.
डीडीसी स्मृता कुमारी ने कहा कि इस यूनिट से ग्रामीणों को अपने घरों में स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल पायेगा. सीएस डॉ एसपी मिश्रा ने कहा इस मोबाइल यूनिट के उदघाटन होने से सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाके के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा. पूर्व विधायक केदार हाजरा ने भी संबोधित किया. इधर, विधायक ने अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की. इसमे डीसी नमन प्रियेश लकड़ा सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया. संचालन डीपीएम प्रतिमा कुमारी ने किया. सीओ प्रियंका प्रियदर्शी सक्रिय रहीं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




