गिरिडीह: ट्रेलर चालक धीरज यादव हत्याकांड का खुलासा, पहले शराब पिलायी फिर रॉड से वार कर उतारा मौत के घाट

प्रेस वार्ता कर घटना की जानकारी देती पुलिस
Giridih Crime News: झारखंड में ट्रेलर चालक धीरज यादव हत्याकांड का खुलासा हो गया है. पुलिस के अनुसार पहले आरोपियों ने धीरज को शराब पिलाई और उसके बाद रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी. अभी तक तीन की गिरफ्तारी हुई है. दो की छानबीन अभी भी जारी है.
Giridih Crime News, गिरिडीह, (कुमार गौरव): गिरिडीह में सरिया लदे ट्रेलर चालक धीरज यादव की हत्या मामले का खुलासा बगोदर पुलिस ने कर लिया है. पुलिस ने घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर गिरिडीह जेल भेज दिया है, जबकि दो फरार अपराधियों की तलाश जारी है. इस पूरे मामले की जानकारी बगोदर–सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.
संतुरपी जंगल से बरामद हुआ था शव
18 नवंबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे बगोदर थाना क्षेत्र के संतुरपी जीटी रोड के किनारे स्थित जंगल की झाड़ी से शव बरामद हुआ था. जांच में मृतक की पहचान बिहार के खगड़िया जिले, अलौली थाना क्षेत्र के लोदरा निवासी धीरज यादव (ट्रेलर चालक) के रूप में हुई. शव की स्थिति से ही स्पष्ट था कि हत्या लूटपाट की नीयत से की गयी है.
बगोदर में रची गयी थी हत्या की साजिश
एसडीपीओ ने बताया कि धीरज यादव का संपर्क बगोदर के जैनुल खान उर्फ अरमान से था. उसी ने एक साजिश के तहत ट्रेलर को बगोदर में रूकवाया. हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए जैनुल ने बिहार के समस्तीपुर जिले से तीन पेशेवर अपराधियों को बुलाया था.
शराब–गांजा के बहाने जंगल ले जाकर मारी गयी थी रॉड
घटना वाले दिन सभी आरोपियों ने पहले शराब पी, इसके बाद धीरज यादव को उनलोगों ने जबरन गांजा पीने के लिए कहा. इस दौरान वे उन्हें सुनसान जगह देखकर जंगल की ओर ले गये, जहां आरोपियों ने रॉड से पीछे से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शरीर को झाड़ी में फेंक दिया गया और सरिया लदा ट्रेलर लेकर अपराधी फरार हो गये.
ट्रेलर लेकर भागे, पुलिस को देखकर छोड़ भागे अपराधी
हत्या के बाद जैसे ही सभी आरोपी ट्रेलर को लेकर राजधनवार के रास्ते जंगल से बाहर निकले तो दुमका हसडीहा टोल प्लाजा के पास पुलिस को देखकर ट्रेलर को छोड़ वापस जंगल की ओर भाग गये. हालांकि उससे पहले आरोपियों ने ट्रेलर में लगा जीपीएस डिवाइस भी निकालकर बरही में फेंक दिया था, ताकि वाहन का लोकेशन ट्रेस न हो सके.
रॉड, कपड़ा, बैग समेत कई सबूत बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान हत्या में इस्तेमाल रॉड, मृतक का कपड़ा, बैग, नकदी, ट्रेलर और ट्रेलर में लगा जीपीएस को बरामद किया है.
तीन गिरफ्तार, दो फरार
जिन तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है उनमें हुसैन नगर के रहने वाले जैनुल खान उर्फ अरमान, उसी इलाके में रहने वाला दाऊद खान, समस्तीपुर जिले के गहिला मरीचा निवासी द्वारिका सिंह को गिरफ्तार किया गया है. दो अन्य पेशेवर आरोपियों की तलाश जारी है.
छापेमारी दल में कई अधिकारी शामिल
इस कार्रवाई में बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव, इंस्पेक्टर अजय कुमार, सरिया थाना प्रभारी आलोक कुमार, भरकट्ठा ओपी प्रभारी अमन कुमार, एसआई अनुषेक कुमार, जयप्रकाश कुमार, अंजन कुमार, अभिजीत कुमार, आनंद कच्छप, झरी उरांव, संजय कुमार एवं गिरिडीह तकनीकी शाखा आरक्षी जोधन महतो शामिल थे.
Also Read: मुंबई में चमका झारखंड की बेटी पूजा का हुनर, आमिर खान भी हो गए मुरीद!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










