Giridih News :बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर भवन बनाने वाले 10 को नोटिस, पांच लोगों पर 24.20 लाख का जुर्माना

Published by :PRADEEP KUMAR
Published at :11 May 2026 11:06 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर भवन बनाने वाले 10 को नोटिस, पांच लोगों पर 24.20 लाख का जुर्माना

Giridih News :झारखंड बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर व्यावसायिक भवन बनाने वाले लोगों के खिलाफ गिरिडीह नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है. सोमवार को जहां 10 नये व्यवसायियों को अवैध निर्माण को लेकर नोटिस किया गया है. वहीं, पांच लोगों पर 20.40 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है.

विज्ञापन

बता दें कि गिरिडीह शहर में बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर बनाये जा रहे भवनों को लेकर प्रभात खबर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी. इस खबर के प्रकाशन के बाद नगर निगम ने अपना तेवर कड़ा कर लिया है. निगम के अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में भी कुछ लोगों को नोटिस दी गयी थी, लेकिन सोमवार को बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन के मामलों की समीक्षा करने के उपरांत बस स्टैंड रोड में स्थित मोबाइल गली के व्यवसायियों को प्रथम चरण में नोटिस जारी की गयी है. नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि भवन का निर्माण झारखंड भवन उप विधि 2016 तथा संशोधित प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है. निर्धारित सेटबैक और निर्धारित एफएआर के तहत नहीं बनाये जाने के कारण इसका प्रतिकूल प्रभाव यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है. इसके कारण अनहोनी की भी आशंका बनी हुई है. 10 लोगों को नोटिस जारी कर 10 दिनों में जवाब मांगा गया है. साथ ही निर्देश दिया गया है कि सभी लोग अपने भवन के सामने बिल्डिंग बायलॉज के अनुसार निर्धारित सेटबैक छोड़ते हुए भवन निर्माण विचलन को स्वयं के स्तर से हटाना सुनिश्चित करें, अन्यथा भवन उप विधि 2016 में निहित प्रावधानों के अनुरूप नगरपालिका अधिनियम 2011 के सुसंगत धाराओं के तहत आर्थिक दंड के साथ दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी.

जुर्माना के साथ अवैध निर्माण तोड़ने का आदेश

नोटिस में अवैध निर्माण को तोड़ने के आदेश भी दिये गये हैं. आंबेडकर चौक के पास स्थित मॉल के मालिक व स्वर्ण व्यवसायी रंजीत कुमार स्वर्णकार और विकास स्वर्णकार को 10 लाख का जुर्माना लगाते हुए पुन: एक नोटिस थमाया गया है. बताया जाता है कि इसके पूर्व भी स्वर्ण व्यवसायी को तीन नोटिस दिये गये हैं. नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि नक्शा के अनुरूप भवन ना बनाकर 43.5 प्रतिशत का निर्माण में विचलन किया गया है. ऐसे में अवैध निर्माण को वे स्वयं हटा लें, अन्यथा निगम अवैध निर्माण तोड़ने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगा. स्वर्ण व्यवसायी के अलावा बरवाडीह के रतन लाल कंधवे पर 3.40 लाख, शीला बर्णवाल पर पांच लाख, भंडारीडीह के बालमुकुंती देवी व भंडारीडीह के महेश पंडित के पर एक-एक लाख का जुर्माना लगाया गया है.

क्या कहते हैं उप नगर आयुक्त

नगर निगम के उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने कहा कि अवैध निर्माण को तोड़ने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. यदि भवन के मालिक खुद अवैध निर्माण को नहीं हटाते हैं, तो दंडाधिकारी की उपस्थिति में निगम भवन को तोड़ने की कार्रवाई शुरू करेगा.

इन लोगों को दिया गया है नोटिस

1. जयप्रकाश पांडेय – चैताडीह भंडारीडीह

2. अरुण शर्मा – चैताडीह भंडारीडीह

3. नीलांबर तर्वे – चैताडीह भंडारीडीह

4. रंजीत गौंड – बस स्टैंड रोड

5. अमोल कुमार सामंतो – बस स्टैंड रोड

6. मीरा देवी – बस स्टैंड रोड

7. श्रवण कुमार – बस स्टैंड रोड

8. सुशीला मोदी – बस स्टैंड रोड

9. सुरेंद्र भदानी – बस स्टैंड रोड

10. भोला प्रसाद – बस स्टैंड रोड

बिल्डिंग बायलॉज का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए निगम में अधिकारियों की बैठक

झारखंड बिल्डिंग बायलॉज 2016 का अनुपालन सुनिश्चित कराने को लेकर गिरिडीह नगर निगम में अधिकारियों की बैठक हुई. निर्णय लिया गया कि किसी भी स्थिति में बिल्डिंग बायलॉज का पालन सुनिश्चित किया जायेगा और जिन लोगों ने बायलॉज का उल्लंघन कर भवनों का निर्माण किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जायेगा. उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक के नेतृत्व में हुई बैठक में तकनीकी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि एक ओर जहां अवैध निर्माण करने वाले लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जाये, वहीं दूसरी ओर पुन: अवैध निर्माण ना हो, इसके लिए स्थल का भौतिक सत्यापन भी करें. अब किसी भी स्थिति में बिना नक्शा पास कराये भवनों का निर्माण होने से रोकना होगा और विचलन कर किये गये अवैध निर्माण को चिह्नित करते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना होगा. उप नगर आयुक्त श्री लायक ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे बिना नक्शा पारित कराये आवासीय या व्यावसायिक भवनों का निर्माण ना करें. साथ ही जिन लोगों ने नक्शा पारित कराने के बाद अवैध तरीके से निर्माण किया है, वे स्वयं अवैध निर्माण को हटा लें. अन्यथा निगम कार्रवाई करेगा. बैठक में टाउन प्लानर मंजूर आलम, कनीय अभियंता सोनू रजक, शंभु सिंह, बलबीर कुमार, सुभाष शर्मा समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे.

(राकेश सिन्हा, गिरिडीह)B

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola