Giridih: ईद की खुशियां मातम में बदली, बेटे के सामने बस ने मां को कुचला; मौके पर मौत
Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 20 Mar 2026 10:33 PM
सड़क हादसे के बाद लगी भीड़ और बस
Giridih: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवाडीह में ईद से एक दिन पहले शुक्रवार की रात 40 साल की शेरुन निशा की मौत हो गई. एक तेज रफ्तार बस ने महिला को कुचल दिया. परिवार में ईद की खुशियां मातम में बदल गई.
Giridih: ईद की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गयी, जब खरीदारी कर घर लौट रही एक महिला को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवाडीह में शुक्रवार की शाम 7.30 बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीया शेरुन निशा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनका बेटा घायल हो गया. बताया जाता है कि पहाड़ीडीह निवासी शेरुन निशा अपने 18 वर्षीय पुत्र साहिल अंसारी के साथ ईद की खरीदारी करने गिरिडीह बाजार आयी थीं. बाजार से लौटते समय बरवाडीह के समीप तेज रफ्तार एसएसटी बस ने मां-बेटे को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शेरुन निशा को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल साहिल अंसारी का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है.
एसएसटी बस में जमकर तोड़फोड़, यातायात बाधित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त बेटा अपनी मां के साथ ही था और देखते ही देखते उसकी आंखों के सामने यह दर्दनाक घटना घट गयी. घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया. गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने गिरिडीह-टुंडी मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. इस दौरान भीड़ ने हादसे के लिए जिम्मेदार मानी जा रही एसएसटी बस में जमकर तोड़फोड़ की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ मुआवजे की मांग पर अड़ी रही.
मंत्री सुदिव्य सोनू के आश्वासन पर माने लोग
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी मौके पर पहुंचे. मंत्री के सामने आक्रोशित लोगों ने अपनी मांगें रखीं और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग दोहरायी. शुरुआत में लोग शांत होने को तैयार नहीं थे, लेकिन मंत्री द्वारा काफी समझाने-बुझाने और मृतका के परिजन को हरसंभव सरकारी सहायता और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देने पर स्थिति सामान्य हुई. इसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ. बाद में मंत्री गिरिडीह नगर थाना पहुंचे, जहां मृतका के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने बस मालिक से बातचीत कर मामले के समाधान और पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता दिलाने की दिशा में पहल की.
ये भी पढ़ें…
हाजत में मौत मामला: जयनगर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
जादूगोड़ा के मृत मजदूरों के घर पहुंचे विधायक संजीव सरदार, मदद का दिया भरोसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










