Giridih News :जिले में हल्कावार विशेष राजस्व शिविर आज से

Giridih News :उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले के विभिन्न अंचलों में भूमि व राजस्व संबंधी लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आमजनों को सुगम तथा पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार नौ जून से हल्कावार विशेष राजस्व शिविर लगाया जायेगा.
यह विशेष अभियान जिले के सभी अंचलों में पंचायत स्तर पर लगेगा. 129 पंचायतों में शिविर लगाकर आमजनों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. उपायुक्त ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने और प्रत्येक शिविर का दैनिक प्रगति प्रतिवेदन जिलास्तर पर उपलब्ध कराने की बात कही है. कहा कि राजस्व सेवाओं को सुगम एवं प्रभावी बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.
भूमि संबंधित मामलों के निष्पादन पर जोर
शिविरों में भू-लगान, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), जमाबंदी सुधार, भूमि अभिलेखों में त्रुटि सुधार, ऑनलाइन लगान रसीद, सीमांकन, भूमि विवाद व अन्य राजस्व मामलों का निष्पादन किया जायेगा. शिविर अंचलों के पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालय परिसर व अन्य निर्धारित स्थल पर लगाये जायेंगे. इन शिविरों में अंचल कार्यालय के अधिकारी, संबंधित हल्का कर्मचारी, राजस्व उपनिरीक्षक व उपस्थित रहेंगे.
गावां प्रखंड की पंचायतों राजस्व शिविर की तिथि तय
गावां प्रखंड की पंचायतों में राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष राजस्व शिविर लगेगा. इसकी तिथ तय कर दी गयी है. नौ जून को बिरने पंचायत, 10 को अमतरो, 11 को गदर, 12 को खरसान, 13 को पिहरा पूर्वी, 15 को नीमाडीह, 16 को माल्डा, 17 को बादीडीह तथा 18 जून को सांख पंचायत में राजस्व शिविर लगाया जायेगा. शिविर में भू-लगान वसूली, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), जमाबंदी सुधार, भूमि अभिलेखों में त्रुटि सुधार, ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने, सीमांकन, भूमि विवादों से संबंधित आवेदन प्राप्त करने के साथ अन्य राजस्व मामलों का निष्पादन किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










