घटिया पनीर और एक्सपायर्ड ब्रेड मिली, रांची के बेकरी-रेस्टोरेंट में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की छापेमारी

Updated:
विज्ञापन
जांच करते फूड सेफ्टी अधिकारी

जांच करते फूड सेफ्टी अधिकारी

रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. प्रमुख बेकरी और रेस्टोरेंटों में छापेमारी के दौरान घटिया पनीर और एक्सपायर्ड ब्रेड पाई गई. किचन की स्थिति भी बेहद खराब मिली.

विज्ञापन

राजधानी में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को लालपुर, सर्कुलर रोड और ईस्ट जेल रोड स्थित प्रमुख बेकरी और रेस्टोरेंटों में औचक छापेमारी की. जांच के दौरान एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में घटिया (सब्सटैंडर्ड) पनीर मिला, जबकि कई बेकरी दुकानों में बिना लेबल और एक्सपायरी डेट वाली ब्रेड की बिक्री होती पाई गई. विभाग ने सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए हैं.

जांच के दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी. रेस्टोरेंट में पनीर से बनने वाले सभी व्यंजनों की बिक्री भी अस्थायी रूप से बंद करा दी गई. विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.

किचन में मिली गंभीर अनियमितताएं

छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट और बेकरी के किचन में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब मिली. कई स्थानों पर जला हुआ और चिपचिपा तेल इस्तेमाल होता पाया गया. खाद्य सामग्री खुले में रखी थी और किचन में स्वच्छता के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कई खाद्य हैंडलर बिना एप्रन, हेड कैप और ग्लव्स के ही खाद्य सामग्री तैयार कर रहे थे.

खाद्य व्यवसायियों को जारी किया नोटिस

खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सभी अनियमितताओं को तत्काल दूर करने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके तहत बनाए गए नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है.

सिविल सर्जन सह रांची के खाद्य संरक्षा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि नकली या घटिया पनीर और मिलावटी मिठाइयों का सेवन लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है. लगातार ऐसे खाद्य पदार्थ खाने से आंतों के साथ-साथ लीवर पर भी गंभीर असर पड़ सकता है.

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा और खाद्य गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.

इस अभियान में अभिहित पदाधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, सजल कुमार श्रीवास्तव, शिव नंदन यादव सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें...

श्रावणी मेले में सुरक्षित कांवर यात्रा के लिए नगर निगम ने शुरू किया सांड पकड़ने का अभियान

श्रावणी मेला 2026: 80 से 90 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, प्रशासन ने तय की खाद्य सामग्री की दरें


विज्ञापन
Bipin Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola