Giridih News :ईद हमें आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है : मंत्री

Giridih News :पीरटांड प्रखंड की अजीबाद गांव में ईद उत्साह व भाईचारे के साथ मनायी गयी. यहां राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पहुंचे और लोगों को ईद की मुबारकबाद दी. मंत्री के आने से लोगों में उत्साहित लोगों ने उनका स्वागत किया.
मंत्री ने लोगों से बात की. कहा कि ईद का पर्व हमें आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है और इसी भावना के साथ सभी को मिलजुल कर त्योहार मनाना चाहिए. कहा कि झारखंड की पहचान उसकी विविधता और एकता में है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलकर हर त्योहार को खुशी-खुशी मनाते हैं. उन्होंने क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की. मंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ सेवई चखा. मौके पर पीरटांड़ के बीडीओ मनोज मरांडी, सीओ ऋषिकेश मरांडी, यूसुफ अंसारी, इमामुल अली, अख्तर अंसारी, ताज हुसेन, अख्तर अंसारी, खुर्शीद अंसारी, इस्लाम अंसारी, मौलाना रुस्तम के अलावे कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी व ग्रामीण मौजूद रहे.
सरिया अनुमंडल क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनी ईद
सरिया अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-फितर उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. रमजान के पवित्र महीने के समापन के बाद मुस्लिम समुदाय ने खुशी के इस मौके का पूरा लुत्फ उठाया. सुबह-सवेरे लोग नहा-धोकर नये-नये कपड़े पहनकर ईदगाह की ओर रवाना हो गये. ईदगाह पहुंचकर हजारों अकीदतमंदों ने ईद की नमाज अदा की. सरिया अनुमंडल के तीनों थाना क्षेत्र बगोदर थाना, सरिया थाना तथा बिरनी थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही. सरिया प्रखंड क्षेत्र के केश्वारी, चिरुवां, उर्रो, नावाडीह, सरिया, पचंबा, मोकामो, खेसकरी, कोरियाटांड़ आदि मुस्लिम बहुल इलाकों में धूमधाम से ईद पर लोगों ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी.बेंगाबाद में शांति व सौहार्द से मनी ईंद, लोगों ने बांटी खुशियां
बेंगाबाद में शांतिपूर्ण माहौल में ईद का त्योहार संपन्न हुआ. सुबह से ही विभिन्न गांवों में लोग नये कपड़े पहनकर ईदगाह व मस्जिद पहुंचने लगे. ईदगाहों में नमाज अदा कर सलामति की दुआ के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी. हालांकि, सुबह में मौसम को देखते हुए कुछ स्थानों पर ईदगाह के स्थान पर मस्जिद में नमाज अदा की गयी. पूरे माह तक पवित्रता के साथ रहने के बाद त्योहार का आनंद अलग ही अनुभूति दर्शा रहा था. इसके बाद सामूहिक रूप से एक दूसरे के घरों में जाकर बड़े बुजुर्गों से मिलकर त्योहार की बधाई दी. त्योहार को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह दिखा. नये-नये कपड़े में तैयार बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था. दिन भर लोग एक दूसरे को बधाई देते व सेवई का आनंद लेते रहे. इस दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिली. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेंगाबाद पुलिस टीम गांवों में गश्त करती रही. इसके अलावा मजिस्ट्रेट की भी प्रतिनियुक्ति की गयी थी. थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस अधिकारियों व जवानों के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहे. जनप्रतिनिधियों ने भी पर्व का आनंद लिया. घुठिया, फिटकोरिया, तेलोनारी, बड़ियाबाद, महतोडीह, खुटरीबाद, देवाटांड़, छोटकी-खरगडीहा, लुप्पी, गेनरो, गोलगो, फूरसोडीह सहित अन्य गांवों में विशेष चहल-पहल रही.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




