Giridih News :मानदेय बकाया भुगतान नहीं होने पर जतायी चिंता
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 17 May 2026 10:28 PM
Giridih News :झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ जिला शाखा गिरिडीह की बैठक रविवार को महासंघ भवन में हुई. जिलाध्यक्ष देवंती देवी की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में जिले की सेविका-सहायिकाओं के लंबित मानदेय और अन्य ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की गयी.
जिलाध्यक्ष देवंती देवी ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सेविका और सहायिकाओं के साथ लगातार नाइंसाफी हो रही है. यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया, तो राज्य और राष्ट्रीय संघ के आह्वान पर दिल्ली और रांची की सड़कों पर उग्र आंदोलन किया जायेगा.
मांग पूरी करने पर दिया जोर
सर्वसम्मति से पारित महत्वपूर्ण प्रस्तावों में केंद्रांश और राज्यांश मद में लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान, सेवानिवृत्त होने वाली सेविका-सहायिकाओं को पेंशन और पारिवारिक पेंशन का लाभ, आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्कूलों की तर्ज पर गर्मी और सर्दी की छुट्टियां लागू करना, योग्यता के आधार पर सेविकाओं को उच्च पदों पर प्रोन्नति देना, सरिया परियोजना के कर्मियों का बकाया वार्षिक मानदेय वृद्धि आदि प्रमुख हैं. बैठक में महासंघ के प्रदेश सम्मानित अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह नयन, प्रदेश सलाहकार प्रयाग प्रसाद यादव, संघ की वरिष्ठ सदस्य विरमा कुमारी, नंदा सिंह, राजवंती कुमारी, चंदा देवी सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










