Giridih News :टेंपो-बाइक टक्कर के बाद दो पक्षों में झड़प, पांच युवक गंभीर

Giridih News :नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया पार्क के समीप शनिवार की देर शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों को इलाज के लिए तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आदिल मलिक को गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया.
घायलों की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र के विशनपुर निवासी आदिल मलिक, महताब शेख, मो जावेद, मो फिरोज और मो चांद के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि विवाद का कारण टेंपो और बाइक के बीच हुई टक्कर है. घायल पक्ष के अनुसार शनिवार की शाम बरमसिया इलाके में एक टेंपो और बाइक के बीच टक्कर हो गयी थी. इसी दौरान कुछ लोग मामले को शांत कराने पहुंचे थे. लेकिन, इसी बीच बरमसिया के कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया. विवाद बढ़ता देख घायल पक्ष के लोग वहां से निकल गये.
मोटरसाइकिल लाने गये युवक, तो की गयी मारपीट
लेकिन, उनकी तीन मोटरसाइकिलें मौके पर ही छूट गयीं. बताया गया कि जब वे लोग पार्क के समीप अपनी मोटरसाइकिलें लेने पहुंचे, तभी दूसरे पक्ष के युवकों ने लाठी-डंडे से उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में पांचों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष के लोग वहां से जा चुके थे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. घायल पक्ष के लोगों ने अस्पताल में थाना प्रभारी के सामने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया. मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गयी. घायल पक्ष आवेदन दे रहा है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




