Giridih News :चिह्नित स्थलों पर रहेंगे अतिरिक्त बल, कई राज्यों की फोर्स की रहेगी तैनाती : डीआइजी
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 23 Mar 2026 10:26 PM
Giridih News :शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में रामनवमी के आयोजन के सिलसिले में सोमवार को हजारीबाग रेंज के डीआइजी अंजनी कुमार झा गिरिडीह पहुंचे. एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने रामनवमी जुलूस को लेकर विशेष रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया.
जुलूस का रूट, समय-सीमा और भीड़ नियंत्रण पर विस्तृत चर्चा हुई. संवेदनशील और अति-संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त और कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिये गये. पर्व के दौरान कई राज्यों की पुलिस फोर्स भी सहयोग के लिए तैनात रहेगी.
चुनौती का सामना करने में गिरिडीह सक्षम
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में डीआइजी श्री झा ने कहा कि रामनवमी को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना एक बड़ी चुनौती है, पर गिरिडीह पुलिस इसके लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में उपलब्ध अर्धसैनिक बलों के अलावा और भी बल गिरिडीह पहुंचेंगे. डीआइजी ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनज़र प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. ड्रोन कैमरों और आधुनिक निगरानी संसाधनों का भी उपयोग होगा. किसी भी प्रकार की अफवाह या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जायेगा. रामनवमी के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इस दौरान उनके साथ एसपी डॉ बिमल कुमार सहित जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद थे.
डीआइजी ने गिरिडीह कोर्ट का किया निरीक्षण
गिरिडीह. पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के बाद डीआइजी अंजनी कुमार झा और गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने सोमवार को गिरिडीह कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे.
कई बातों की ली
जानकारी
अधिकारियों ने कोर्ट परिसर के प्रवेश-निकास बिंदुओं, सुरक्षा बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और आम लोगों की आवाजाही की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया. साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिये. इस दौरान डीआइजी और एसपी ने कोर्ट परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया. अधिकारियों ने कहा कि न्यायिक कार्य से जुड़े स्थानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जायेगी. मौके पर मौजूद अधिकारियों को नियमित अंतराल पर सुरक्षा ऑडिट करने का निर्देश दिया. किसी भी संभावित खतरे को लेकर पहले से तैयारी सुनिश्चित की जाए, ताकि न्यायिक कार्य शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संचालित हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










