एसडीओ के आश्वासन से 30 घंटे बाद खाली हुई सड़क, आवगमन शुरू

कोर्ट के आदेश पर भुइयां टोली में 16 परिवारों से खाली कराया गया था घर
कोर्ट के आदेश पर भुइयां टोली में 16 परिवारों से खाली कराया गया था घर प्रतिनिधि, श्री वंशीधर नगर प्रखंड के सगमा गांव स्थित भुइयां टोली में न्यायालय के आदेश के बाद की गयी कार्रवाई के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति आखिरकार 30 घंटे बाद शांत हो गयी. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के आश्वासन के बाद शनिवार को विस्थापित परिवारों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिससे सगमा–धुरकी मुख्य मार्ग पर आवागमन पुनः शुरू हो सका और आम लोगों को बड़ी राहत मिली. जानकारी के अनुसार शुक्रवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में भुइयां टोली में रह रहे भुइयां समुदाय के 16 परिवारों के घर खाली कराकर उक्त भूमि आदिवासी बैगा परिवार को सौंप दी गयी. घर उजड़ने के बाद विस्थापित भुइयां परिवार अपने बाल-बच्चों के साथ सड़क पर बैठ गये और स्थायी पुनर्वास की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उन्हें ठोस पुनर्वास का आश्वासन नहीं मिलेगा, वे सड़क से नहीं हटेंगे. विरोध प्रदर्शन के कारण सगमा-धुरकी मार्ग पर करीब 30 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा. इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा स्वयं मौके पर पहुंचे और विस्थापित परिवारों तथा भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण राम से बातचीत की. एसडीओ द्वारा शीघ्र पुनर्वास की दिशा में पहल का आश्वासन दिये जाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हट गये. फिलहाल सभी बेघर परिवारों को पुनर्वास होने तक सगमा स्थित किसान भवन में अस्थायी रूप से ठहराया गया है. प्रशासन की ओर से वहां भोजन के लिए राशन तथा ठंड से बचाव के लिए कंबल की व्यवस्था की गयी है. अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश के तहत की गयी है, जिसका सम्मान सभी को करना चाहिए. उन्होंने बताया कि न्यायालय खुलने के बाद जिला प्रशासन आवश्यक निर्देश प्राप्त कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




