जनसुनवाई में 40 से अधिक मामलों पर हुई सुनवाई, त्वरित निष्पादन का निर्देश
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 05 Jun 2026 10:15 PM
जनसुनवाई में 40 से अधिक मामलों पर हुई सुनवाई, त्वरित निष्पादन का निर्देश
प्रतिनिधि, गढ़वा
आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया. जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. कार्यक्रम के दौरान राशन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि विवाद, अतिक्रमण तथा बकाया मजदूरी से जुड़े 40 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए. सभी मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. इस दौरान उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दूर-दराज के गांवों से लोग न्याय और उम्मीद लेकर समाहरणालय आते हैं. इसलिए अधिकारी जनसमस्याओं को केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि जनसेवा समझकर संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध तरीके से निष्पादित करें.
घर टूटने के बाद स्कूल में रहने को मजबूर परिवार
कांडी प्रखंड के सरकोनी गांव निवासी रघुबीर प्रजापति ने बताया कि उनका घर ध्वस्त हो जाने के कारण पूरा परिवार बेघर हो गया है. वर्तमान में वे जर्जर विद्यालय भवन में रहने को विवश हैं. उन्होंने उपायुक्त से सरकारी आवास अथवा वैकल्पिक रहने की व्यवस्था कराने की मांग की.तीन साल से नहीं मिला सेवानिवृत्ति लाभ
डंडा प्रखंड से पहुंचे सेवानिवृत्त पंचायत सचिव दुखी बैठा ने बताया कि वर्ष 2023 में सेवानिवृत्त होने के बावजूद उन्हें अब तक सेवानिवृत्ति लाभ नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि सेवापुस्तिका अपडेट नहीं होने और विभागीय लापरवाही के कारण उनका बकाया वेतन भी लंबित है, जिससे आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.सेविका चयन प्रक्रिया पर अनियमितता का आरोप
नगर ऊंटारी प्रखंड के चेचरिया गांव की रीमा कुमारी ने आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या-2 में छह अभ्यर्थियों ने आवेदन दिया था, लेकिन अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को नजरअंदाज कर कम योग्य अभ्यर्थी का चयन कर लिया गया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर पुनः चयन प्रक्रिया कराने की मांग की.रैयती भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत
डंडा प्रखंड के भिखही गांव निवासी प्रेम चौधरी ने अपनी रैयती भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की. उन्होंने बताया कि भू-माफियाओं और दबंगों द्वारा परिवार को जान-माल की धमकी दी जा रही है. उन्होंने अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










