गढ़वा में आज रविवार को भी खुले हैं पोलिंग बूथ वाले स्कूल, वोटर लिस्ट मैपिंग के लिए बीएलओ मौजूद
Published by : Sweta Vaidya Updated At : 14 Jun 2026 8:44 AM
चल रहा मैंपिग का कार्य
Garhwa News: गढ़वा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए रविवार को भी सभी बूथ लेवल केंद्र खुले रहे. प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने बूथ पर जाकर या ऑनलाइन सूची देखकर अपनी मैपिंग सुनिश्चित करें.
गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक बनाने के लिए चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) आज रविवार को भी पूरे जोर-शोर से जारी है. जिले के गढ़वा विधानसभा क्षेत्र और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर आज (14 जून) विशेष मैपिंग शिविर का दूसरा दिन है. मतदाताओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए रविवार की छुट्टी होने के बावजूद जिला प्रशासन के निर्देश पर वे सभी विद्यालय अनिवार्य रूप से खुले रखे गए हैं, जहां मतदान केंद्र मौजूद हैं.
बूथों पर मौजूद बीएलओ
उप निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने बताया कि आज रविवार को भी सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर निर्धारित समय पर उपस्थित हैं. उनके पास उन मतदाताओं की सूची उपलब्ध है जिनकी मैपिंग अब तक नहीं हो सकी है. उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे आज ही अपने मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ से संपर्क करें और यह सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम अनमैप्ड मतदाताओं की सूची में तो नहीं है. इसके अलावा मतदाता चाहें तो घर बैठे भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस सूची को देख सकते हैं और अपने बूथ से संबंधित अनमैप्ड वोटर्स की जानकारी ले सकते हैं.

मैपिंग क्यों है जरूरी?
एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि मैपिंग न होने की स्थिति में किसी का नाम वोटर लिस्ट से काटा नहीं जाएगा, लेकिन भविष्य में उन्हें अतिरिक्त औपचारिकताओं का सामना करना पड़ सकता है. आगे चलकर नोटिस मिलने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होना पड़ सकता है, जिससे अनावश्यक परेशानी होगी. इस भागदौड़ से बचने के लिए अगले दो दिनों के भीतर मैपिंग कराना बेहद जरूरी है.
महिलाओं की मैपिंग में अधिक कमी
अधिकारियों के अनुसार, सबसे ज्यादा ऐसी महिलाओं की मैपिंग छूटी है जिनकी शादी गढ़वा में हुई है, लेकिन उनका मायका किसी अन्य जिले या राज्य में है. ऐसी महिलाओं को अपने मायके से विवरण मंगाकर या वहां के विधानसभा और बूथ की जानकारी आज ही बीएलओ को दे देनी चाहिए ताकि मैपिंग का कार्य आसानी से निष्पादित हो सके.
लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश
अभियान की मॉनिटरिंग के दौरान शनिवार को कुछ स्थानों से अलग-अलग कारणों से बीएलओ के अनुपस्थित रहने की सूचना मिली थी. इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सदर एसडीएम ने बताया कि ऐसे सभी लापरवाह कर्मियों से शो-कॉज करते हुए स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है. जवाब की समीक्षा के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि आज रविवार को बूथ वाले परिसरों को हर हाल में खुला रखा जाए. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मतदाताओं की सुविधा से जुड़े इस महत्वपूर्ण और सामूहिक जिम्मेदारी वाले काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ये भी पढ़ें: राशन नहीं उठानेवाले आठ लाख कार्डधारियों के कार्ड होंगे रद्द, झारखंड खाद्य आपूर्ति विभाग का निर्देश
ये भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव: नाथवाणी ने बढ़ाई धड़कनें, क्रॉस वोटिंग रोकने को एकजुट होगा महागठबंधन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sweta Vaidya
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो. झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










