डंडई में तालाब से नवजात बच्ची का शव बरामद, इलाके में सनसनी

डंडई में तालाब से नवजात बच्ची का शव बरामद, इलाके में सनसनी
प्रतिनिधि, डंडई
डंडई थाना क्षेत्र के सोनेहरा मोड़ के समीप बुधवार को राधा-कृष्ण मंदिर के पास स्थित तालाब से एक नवजात बच्ची का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलने के बाद डंडई थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच रामा प्रसाद के तालाब में बुधवार सुबह टहले निकले ग्रामीणों ने नवजात बच्ची का शव पानी में तैरता हुआ देखा. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस और आसपास के लोगों को मामले की जानकारी दी. देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गयी. बच्ची के शव पर अस्पताल में जन्म के दौरान लगाया जाने वाला टैग लगा हुआ मिला, जिससे आशंका जतायी जा रही है कि यह कुकृत्य किसी नजदीकी अस्पताल या नर्सिंग होम में जन्म के तुरंत बाद किया गया है.
कड़ी कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश है. समाजसेवी अजय प्रसाद उर्फ तूफानी ने कहा कि समाज में लड़का-लड़की के बीच भेदभाव की मानसिकता अब भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. किसी भी नवजात के साथ इस प्रकार का व्यवहार मानवता को शर्मसार करने वाला है . उन्होंने जिला प्रशासन से दोषियों की तुरंत पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शव पर मिले अस्पताल टैग और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच शुरू कर दी गयी है. दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा. अनिमेष शांतिकारी, डंडई थाना प्रभारीप्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










