प्रखंडों में बिछ रहा स्टेडियमों का जाल, बढ़ेंगी सुविधाएं

बड़ी तैयारी. जिले में अंतरराष्ट्रीय मानक के क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की भी योजना
बड़ी तैयारी. जिले में अंतरराष्ट्रीय मानक के क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की भी योजना प्रतिनिधि, गढ़वा झारखंड के मानचित्र पर कभी खेल सुविधाओं के मामले में पिछड़ा समझा जाने वाला गढ़वा जिला अब खेल के क्षेत्र में नया इतिहास रच रहा है. खेल विभाग की सक्रियता और आधारभूत संरचनाओं के विकास के चलते गढ़वा जिला अब राज्य की खेल रैंकिंग में अंतिम पायदान से सीधे टॉप-3 में पहुंच गया है. जिला प्रशासन और राज्य सरकार का लक्ष्य अब गढ़वा को खेल के क्षेत्र में राज्य का सिरमौर बनाना है, जिसके लिए हर प्रखंड-एक स्टेडियम की नीति पर काम किया जा रहा है. गढ़वा में वर्तमान में कई स्थानों पर खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. खेल विभाग के अनुसार, रमकंडा, चिनिया, डंडा और बलिगढ़ में प्रखंड स्तरीय स्टेडियमों का निर्माण कार्य चल रहा है. इसके साथ ही, बिरसा मुंडा एग्रीकल्चर कॉलेज में एक आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण हो रहा है, जो खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा. यह स्टेडियम खिलाड़ियों को मौसम की बाधाओं से मुक्त होकर अभ्यास करने की सुविधा प्रदान करेगा. इसके अलावा, मेराल प्रखंड के अटौला में एक आउटडोर स्टेडियम का निर्माण भी चल रहा है. जिले में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए, अब एक क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की योजना भी तैयार की जा रही है. खेल विभाग वर्तमान में उपयुक्त जमीन की तलाश कर रहा है. जिला खेल कार्यालय के अनुसार, स्थल चयन की प्रक्रिया जारी है, और जैसे ही मानक के अनुरूप भूमि मिल जाती है, इसका प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेज दिया जायेगा. इस स्टेडियम के बनने से गढ़वा में राज्य स्तरीय मैचों के आयोजन का रास्ता साफ हो जायेगा. मझिआंव में स्टेडियम निर्माण के लिए स्थल चयनित प्रखंड स्तरीय सुविधाओं के विस्तार के तहत मझिआंव में भी स्टेडियम के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है. विभाग इस भूमि की नापी और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा कर डीपीआर तैयार कर रहा है, जिसे जल्द ही विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा जायेगा. कोट गढ़वा में खेल का माहौल बदलने के लिए पूरी सक्रियता से काम किया जा रहा है और इसका परिणाम जिले की खेल रैंकिंग में सुधार के रूप में सामने आया है. यह सिर्फ शुरुआत है. हमारा उद्देश्य हर प्रखंड में खिलाड़ियों को बुनियादी ढांचा प्रदान करना है, ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें. क्रिकेट स्टेडियम के लिए भी प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता से स्थल का चयन किया जा रहा है, ताकि जिले की खेल प्रतिभाओं को भटकना न पड़े. – दिलीप कुमार, जिला खेल पदाधिकारी
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




