गढ़वा के रंका में सड़क हादसा, भांजे की शादी में 'अमिलो घोटाकर' लौट रहे मामा की मौत

प्रतीकात्मक फोटो
Garhwa News: गढ़वा के रंका में भांजे की शादी से लौट रहे संजीव यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई. ‘अमिलो घोटा’ रस्म निभाकर लौट रहे मामा को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
रंका से नंद कुमार की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के रंका-रामानुजगंज एनएच-343 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. रंका थाना क्षेत्र के ऊंचरी गांव निवासी 42 वर्षीय संजीव यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. वह चिनिया के रनपुरा गांव में अपने भांजे की शादी में शामिल होकर ‘अमिलो घोटा’ की रस्म निभाने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे. बताया गया कि संजीव यादव अपनी बहन के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे. शादी के दौरान उन्होंने पारंपरिक ‘अमिलो घोटा’ रस्म पूरी की और देर शाम अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया.
भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ी है ‘अमिलो घोटा’ की परंपरा
स्थानीय लोक परंपराओं में ‘अमिलो घोटा’ भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ी बेहद भावुक और महत्वपूर्ण रस्म मानी जाती है. बहन के बेटे या बेटी की शादी में भाई अपनी बहन के घर पहुंचकर इस परंपरा को निभाता है. इसे भाई के स्नेह, जिम्मेदारी और परिवारिक संबंधों के प्रतीक के रूप में देखा जाता है. ग्रामीणों के अनुसार संजीव यादव भी पूरे उत्साह और खुशी के साथ इस रस्म को निभाने पहुंचे थे. परिवार में शादी का माहौल था और घर खुशी से गूंज रहा था. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वापसी के दौरान यह खुशी हमेशा के लिए दुख में बदल जाएगी.
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार जैसे ही संजीव यादव हुरदाग विद्युत पावर हाउस मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि संजीव यादव की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर कार चालक वाहन सहित फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की रस्में और खुशियों का माहौल था, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों के अनुसार संजीव यादव मिलनसार और परिवार के प्रति जिम्मेदार व्यक्ति थे. उनकी मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिवार वालों ने बताया कि संजीव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. शादी वाले घर में अब मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग के सरकारी गर्ल्स स्कूल में फीस के नाम पर अतिरिक्त वसूली, अभिभावक नाराज
पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही रंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की. शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार कार और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने जल्द आरोपी चालक को पकड़ने का दावा किया है.
इसे भी पढ़ें: वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर कुर्की-जप्ती, पुलिस ने चलाया बड़ा अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










