जंगीपुर गोलीकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 03 Jun 2026 9:37 PM

विज्ञापन

जंगीपुर गोलीकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन

प्रतिनिधि, श्री वंशीधर नगर श्री वंशीधर नगर पुलिस ने जंगीपुर गांव में हुए गोलीकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सकेंद्र उरांव (26) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक कट्टा और एक खाली खोखा भी बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी गढ़वा थाना क्षेत्र के गुरदी गांव का निवासी है. इसकी जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सत्येंद्र नारायण सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने बताया कि यह घटना सोशल मीडिया पर एक युवती की तस्वीर वायरल करने को लेकर उत्पन्न विवाद और आपसी रंजिश के कारण हुई थी. एसडीपीओ ने बताया कि 27 मई की रात जंगीपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान अज्ञात अपराधियों ने गोविंद उरांव को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना के अगले दिन 28 मई को गोविंद उरांव के फर्द बयान के आधार पर श्री वंशीधर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गयी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था. टीम में पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार, जितेंद्र कुमार, अमित प्रशांत तथा जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे. तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी सकेंद्र उरांव को श्री वंशीधर नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. प्रेसवार्ता में पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे . साली की तस्वीर वायरल करने पर हुआ था विवाद पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी साली की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी. इसकी जानकारी मिलने पर गोविंद उरांव ने इसका विरोध किया था और उसे ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसी रंजिश में बारात के दौरान मौका पाकर गोविंद उरांव पर गोली चला दी. एसडीपीओ ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आयी है. उसकी पहचान कर ली गयी है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गिरफ्तार आरोपी सकेंद्र उरांव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola