सड़क पर आया गढ़वा का कुक्कुट पालक: 2500 चूजे और 10 लाख की संपत्ति राख, पड़ोसी पर प्राथमिकी दर्ज

मुर्गी फार्म में लगी आग का दृश्य, Pic Credit- Chatgpt
Garhwa News: गढ़वा जिले के धुरकी प्रखंड अंतर्गत खाल गांव में एक मुर्गी फार्म में लगी भीषण आग ने संचालक केश्वर राम के सपनों को राख कर दिया है. इस अग्निकांड में लगभग 10 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति का नुकसान हुआ है, जिसमें 2500 तैयार चूजे भी शामिल हैं. आग बुझाने के दौरान तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. पीड़ित ने जमीन विवाद की रंजिश में पड़ोसी महिला पर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
Garhwa News, गढ़वा, (अविनाश की रिपोर्ट): गढ़वा जिले के धुरकी प्रखंड स्थित खाल गांव में बीती रात एक मुर्गी फार्म में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है. इस अगलगी में फार्म संचालक की करीब 10 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति जलकर खाक हो गई. घटना इतनी भयावह थी कि आग की लपटों ने पल भर में ही पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया. आग पर काबू पाने की जद्दोजहद में संचालक का पुत्र जसवंत कुमार रंजन, पड़ोसी राहत अंसारी और मनीषा कुमारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका उपचार स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है. पीड़ित पक्ष ने इस घटना के पीछे गहरी साजिश का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
कर्ज लेकर खड़ा किया था कारोबार, अब दाने-दाने को मोहताज
कुक्कुट पालन सहयोग समिति लिमिटेड के अध्यक्ष व संचालक केश्वर राम ने बताया कि उन्होंने बड़ी उम्मीदों के साथ यह व्यवसाय शुरू किया था ताकि अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें. इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और सहयोग समिति से 2 लाख रुपये तथा जेएसएलपीएस (JSLPS) से 3 लाख रुपये का कर्ज लिया था. इसके अलावा 5 लाख रुपये उन्होंने अपनी जीवन भर की जमा पूंजी लगाई थी. संचालक ने बताया कि आग में 2500 तैयार चूजे (प्रत्येक का वजन लगभग 1 किलो), सिंटेक्स, इन्वर्टर-बैटरी, चारपाई, कुर्सी, 80 बोरा दाना, 100 पीस दाना ड्रिंकर और फिल्टर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं.
Also Read: जमशेदपुर की शांभवी तिवारी बनीं कंट्री टॉपर, 12वीं में 100% मार्क्स
जमीन विवाद की रंजिश में आगजनी का आरोप
पीड़ित केश्वर राम ने थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी एक पड़ोसी महिला पर सुनियोजित तरीके से आग लगाने का आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि जमीन विवाद को लेकर वह महिला अक्सर उन्हें ‘बर्बाद कर देने’ की धमकी देती थी. आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश को साधने के लिए महिला ने देर रात फार्म में आग लगा दी. घटना के बाद से केश्वर राम का पूरा परिवार गहरे सदमे में है. उनका कहना है कि कर्ज लेकर शुरू किया गया धंधा अब पूरी तरह बर्बाद हो गया है और वे सड़क पर आ गए हैं. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए उचित मुआवजे की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
Also Read: चाईबासा में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 2000 केजी जावा महुआ किया नष्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










