गढ़वा को 22 मेगावाट बिजली की जरूरत, 11 मेगावाट की हो रही आपूर्ति

गढ़वा में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट बढ़ा, लोड शेडिंग से लोग परेशान
गढ़वा में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट बढ़ा, लोड शेडिंग से लोग परेशान जितेंद्र सिंह गढ़वा गढ़वा में पिछले चार-पांच दिनों से शाम होते ही लोड शेडिंग की जा रही है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी के बीच रात गुजारनी पड़ रही है. तापमान लगातार 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. लोगों का कहना है कि दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शाम में राहत की उम्मीद रहती है, लेकिन इसी समय बिजली कटौती शुरू हो जाती है. घरों में पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं और लोगों को गर्मी और मच्छरों के बीच रात बितानी पड़ती है. जानकारी के अनुसार गढ़वा शहर में दो प्रमुख बिजली सब स्टेशन हैं. पहला 33 केवीए फीडर वन है, जहां प्रतिदिन करीब 14 मेगावाट बिजली की खपत होती है. वहीं सोनपुरवा नदी तट स्थित फीडर टू सब स्टेशन को लगभग 8 मेगावाट बिजली की आवश्यकता पड़ती है. इस प्रकार पूरे शहर को कुल मिलाकर करीब 22 मेगावाट बिजली की जरूरत है. लेकिन पिछले चार-पांच दिनों से शाम के समय दोनों सब स्टेशनों को जरूरत से काफी कम बिजली मिल रही है. फीडर वन को मात्र चार मेगावाट व फीडर टू को सिर्फ चार मेगावाट बिजली उपलब्ध करायी जा रही है. यानी कुल मिलाकर 11 मेगावाट बिजली ही मिल रही है. ऐसे में विभाग को अलग-अलग क्षेत्रों में बारी-बारी से लोड शेडिंग करनी पड़ रही है. बिजली की कमी का असर सिर्फ शहर तक सीमित नहीं है. ग्रामीण इलाकों में भी हालात खराब हो गए हैं. गांवों में पहले से ही सीमित बिजली आपूर्ति होती है, लेकिन अब वहां भी कटौती बढ़ गयी है. कई गांवों में घंटों बिजली गुल रहने की शिकायत सामने आ रही है. रांची से आता है लोड शेडिंग का आदेश गढ़वा में हो रही लोड शेडिंग स्थानीय स्तर पर नहीं तय की जाती. यह आदेश रांची स्थित सीएलडीसी (सेंट्रल लोड डिस्पैच सेंटर) से आता है. सीएलडीसी द्वारा शाम के समय ग्रिड को आदेश दिया जाता है कि निर्धारित मात्रा से कम बिजली दी जाये. इस आदेश के अनुसार शहर को 22 मेगावाट की जगह केवल 11 मेगावाट बिजली मिल रही है. स्थानीय स्तर पर कोई तकनीकी समस्या नहीं: एसइ बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता असगर अली ने बताया कि स्थानीय स्तर पर बिजली आपूर्ति में कोई तकनीकी समस्या नहीं है. सभी ट्रांसफार्मर और बिजली नेटवर्क सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं. लेकिन सीएलडीसी के आदेशों के कारण ही लोड शेडिंग हो रही है. विभाग लगातार बिजली आपूर्ति सुचारू रखने का प्रयास कर रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




