सिलयार टोला में आज तक नहीं पहुंची बिजली, ढिबरी युग में जी रहे लोग

शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है टोला, स्थानीय लोग परेशान
शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है टोला, स्थानीय लोग परेशान धर्मेंद्र कुमार सिंह, हरिहरपुर कांडी प्रखंड के मझिगावां पंचायत के सिलयार टोला के ग्रामीण आज भी बिजली की सुविधा से वंचित हैं. लगभग 20 से 30 घर वाले इस टोले में अब तक न तो बिजली के पोल गड़े गये हैं और न ही तार बिछाया गया है. शासन-प्रशासन की प्राथमिकता में हर गांव-टोले तक बिजली पहुंचाना शामिल है, लेकिन हकीकत इसके उलट है. ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही पूरा टोला अंधेरे में डूब जाता है. मोबाइल चार्ज करने के लिए उन्हें अन्य गांवों पर निर्भर रहना पड़ता है. वहीं, बच्चों की पढ़ायी-लिखायी भी प्रभावित हो रही है. कंप्यूटर और इंटरनेट के इस युग में सिलयार टोला के लोगों को आज भी ढिबरी की रोशनी पर निर्भर रहना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या को दूर करने की मांग की, लेकिन अब तक किसी ने उनकी सुध नहीं ली. लोग अपने स्तर से प्रयास कर थक चुके हैं और अब अंधेरे को ही अपनी नियति मान चुके हैं. क्या कहते हैं लोग ढिबरी युग में जीने को विवश : नीलम स्थानीय निवासी नीलम देवी ने कहा कि हमलोग ढिबरी युग में जीने को विवश हैं. आश्वासन मिलता है कि बिजली आ जायेगी पर यह सुनते कई वर्ष गुजर गये. पता नहीं बिजली कब आयेगी. लगाता पिछड़ रहा इलाका: रामकेशवर ग्रामीण रामकेशवर राम ने कहा कि बिजली नहीं होने से काफी परेशानी होती है. इलाके विकास नहीं हो रहा है और इलाका प्रगति के दौड़ में लगातार पिछड़ रहा है. इसपर ध्यान देने वाला कोई नहीं. बिजली नहीं होने से परेशानी: अजय स्थानीय निवासी अजय यादव ने कहा इस टोले को छोड़कर अन्य सभी जगह बिजली की सुविधा उपलब्ध है. बिजली नहीं होने से यहां के लोगों को काफी परेशानी होती है. बिजली नहीं रहने से सिंचाई प्रभावित: शिवनाथ ग्रामीण शिवनाथ यादव ने कहा कि बिजली नहीं रहने से सिंचाई प्रभावित हों रहा है. यदि टोला में बिजली की व्यवस्था हो जाये, तो पटवन की सुविधा भी बढ़ जायेगी. इस पर ध्यान देने की जरूरत है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




