IPL 2026: डीसी के गेंदबाज लुंगी एनगिडी अस्पताल से हुए डिस्चार्ज, जानें हेल्थ अपडेट

चोट लगने के बाद मैदान पर गिरे लुंगी एनगिडी
IPL 2026 में चोटिल Lungi Ngidi को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. सिर में चोट लगने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स (DC) के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को अरुण जेटली स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मैच के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से देर रात उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया. दक्षिण अफ्रीका के इस तेज गेंदबाज को सिर और गर्दन के पिछले हिस्से पर गंभीर चोट लगी थी. उन्हें बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह-मालिक किरण कुमार ग्रांधी एनगिडी से मिलने अस्पताल गए थे.
प्रियांश आर्य का कैच पकड़ने में चोटिल हुए एनगिडी
केएल राहुल के रिकॉर्ड तोड़ 152* रनों के बावजूद, ओपनर प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य के बीच 126 रनों की बेजोड़ साझेदारी और कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफानी 71* रनों की पारी ने PBKS को अरुण जेटली स्टेडियम में 265 रनों के ऑल टाइम रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करने में सफल बनाया. डीसी के लिए गेंदबाजी में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा. एनगिडी कैच लेने की कोशिश में गिर गए, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से बाहर के बाहर ले जाते हुए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
एनगिडी के लिए अब चिंता की कोई बात नहीं
पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में, जो अक्षर पटेल ने फेंका, एनगिडी ने प्रियांश आर्य के ऊंचे शॉट पर कैच लेने की कोशिश की. उन्होंने पीछे हटते हुए गेंद को देखा, लेकिन गेंद पर उनका पूरा नियंत्रण नहीं रहा और ववह पीछे की ओर गिर पड़े. इसी दौरान उनके सिर में चोट लगी और गर्दन बुरी तरह मुड़ गया. मैदान पर चिंताजनक स्थिति पैदा हो गई और खेल 10 मिनट से अधिक समय तक रुका रहा. स्पिन ऑलराउंडर विप्रज निगम को उनकी जगह मैदान पर उतारा गया. चोट लगने के बाद, आईपीएल ने अपडेट जारी कर बताया कि एनगिडी की हालत स्थिर है और उन्हें आज ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी.
टीम ने जारी किया एनगिडी का हेल्थ अपडेट
एनगिडी की चोट के बारे में वेणुगोपाल ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘अभी तक मुझे लगता है कि यह गंभीर नहीं है. हम अपडेट देते रहेंगे, लेकिन अभी कुछ गंभीर नहीं है.’ इस सीजन में डीसी के लिए एनगिडी एक अहम गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने 7 मैचों में 7 विकेट लिए हैं. उनका औसत 29.42 है, इकॉनमी रेट 8.70 है और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/27 रहा है. आज के मैच के बारे में बात करते हुए वेणुगोपाल ने खराब कैचिंग पर भी जोर दिया और बताया कि टीम ने लगभग 6 कैच छोड़े, जिनमें कप्तान श्रेयस अय्यर के दो कैच करुण नायर ने छोड़े थे. उन्होंने कहा कि कुल स्कोर का बचाव करने के लिए इन मौकों को भुनाना जरूरी है.
ये भी पढ़ें…
DC vs PBKS: लुंगी एनगिडी को सिर में लगी गंभीर चोट, एंबुलेंस से ले जाया गया अस्पताल
DC vs PBKS: केएल राहुल ने 47 गेंद पर जड़ा शतक, सैमसन ने निकले आगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




