गढ़वा: पकड़े गए वारंटी ने झपटा स्टेयरिंग, पुलिस वैन को पलट कर भागने की कोशिश

सांकेतिक तस्वीर (AI Image)
Garhwa News: गढ़वा में वारंटी ने पुलिस हिरासत से भागने के लिए चलती पुलिस वैन का स्टेयरिंग झपट लिया. पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलटी वैन. जिसमें हवलदार समेत 5 घायल. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
खरौंधी से अभिमन्यु कुमार की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा के खरौंधी थाना क्षेत्र के अमरोरा स्थित गैस गोदाम के पास मंगलवार की रात में पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश में एक वारंटी ने पुलिस वैन ही पलट दी. इस घटना में वैन में सवार हवलदार राम प्रसाद महतो और चालक रिंकू जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई समेत तीन अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई है.
गिरफ्तार वारंटी को लेकर लौट रही थी पुलिस टीम
बताया जाता है कि श्री वंशीधर नगर के डीएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम मझिगवां पंचायत से वारंटी मनोज पासवान को गिरफ्तार कर थाना लौट रही थी. जैसे ही पुलिस वैन अमरोरा मोड़ के पास पहुंची, पीछे बैठे मनोज पासवान ने अचानक चालक के हाथ से स्टेयरिंग छीनकर उसे जोर से मोड़ दिया. आरोपी की मंशा गाड़ी को दुर्घटनाग्रस्त कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की थी.
पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलटी वैन
स्टेयरिंग मुड़ते ही तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और एक पेड़ से टकराकर पलट गई .हादसे के बाद घायल वारंटी मनोज पासवान ने मौके से भागने की कोशिश की. लेकिन वैन में सवार घायल एएसआई सिल्वेस्टर कच्छप और आरक्षियों ने साहस का परिचय देते हुए उसे मौके पर ही दोबारा धर दबोचा.
स्थानीय लोगों ने घायलों को निकाला बाहर
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को कब्जे में लेकर थाना भेजा. दुर्घटना के बाद स्थानीय टेम्पो चालक कामेश्वर यादव व एक अन्य व्यक्ति ने वैन में फंसे हवलदार राम प्रसाद महतो, चालक रिंकू जोशी, आरक्षी दिनेश ठाकुर और गौतम राजा को बाहर निकाला. हवलदार के सिर में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें और चालक रिंकू जोशी को बेहतर इलाज के लिए श्री बंशीधर नगर (नगर उंटारी) अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: कोल इंडिया में खत्म होगी यूनियनों की ‘दावा राजनीति’, अब सीक्रेट बैलेट से मिलेगी मान्यता
यह भी पढ़ें: Palamu: सांसद आदर्श ग्राम किशुनपुर का 28 लाख रुपये का आरओ प्लांट 5 साल से बंद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










