दो युवकों के अपहरण व रंगदारी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
दो युवकों के अपहरण व रंगदारी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल | Prabhat Khabar Network
गढ़वा के बड़गड़ में दो युवकों के अपहरण और पांच लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य की तलाश जारी है।
बड़गड़ (गढ़वा) से घनश्याम सोनी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र में दो युवकों का अपहरण करने, बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने गुरुवार को दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. यह मामला उगरा निवासी खुर्शीद अंसारी एवं वसीम अंसारी से जुड़ा है. पीड़ितों के अनुसार, वे गत 14 जुलाई को मंडल डैम से मछली पकड़कर लौट रहे थे. इसी दौरान संगाली के समीप कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके मोबाइल, मछली, जाल व मोटरसाइकिल छीन ली. आरोप है कि लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए हाथ बांधकर भजना जंगल में बंधक बना लिया गया. बाद में पुलिस के आने की भनक पाकर आरोपी फरार हो गए थे. दोनों घायल युवकों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है. इस घटना के विरोध में मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोग बड़गड़ थाना पहुंचे थे और 17 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इस संबंध में बड़गड़ थाना कांड संख्या 22/26, दिनांक 15 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त राम बदन यादव और उसके पुत्र बसंत यादव (दोनों निवासी भजना, थाना बड़गड़) को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए