मेराल अनाज गबन मामले में डंडा के जनसेवक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

Updated:
विज्ञापन
मेराल अनाज गबन मामले में डंडा के जनसेवक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

मेराल अनाज गबन मामले में डंडा के जनसेवक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

विज्ञापन

पीयूष तिवारी, गढ़वा मेराल स्थित सरकारी अनाज गोदाम से चावल गबन के मामले में डंडा के जनसेवक सह तत्कालीन सहायक गोदाम प्रबंधक दीपक कुमार चंचल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है. जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता रविशराज सिंह ने गबन की राशि जमा नहीं करने के कारण यह वारंट जारी कर संबंधित थाना को भेज दिया है. दीपक कुमार चंचल से 94 लाख 38 हजार 50 रुपये की वसूली की जानी है, लेकिन अब तक उन्होंने यह राशि जमा नहीं की है. इस मामले में नीलाम पत्र शाखा, गढ़वा में वाद दायर किया गया था. वहीं मेराल के अंचल पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी यशवंत नायक की ओर से मेराल थाना में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी थी. फिलहाल दीपक कुमार चंचल जमानत पर हैं तथा डंडा प्रखंड में जनसेवक के रूप में कार्यरत हैं. मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 में अंत्योदय अन्न योजना, प्राथमिकता प्राप्त परिवार (पीएचएच) योजना तथा विद्यालयों की मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित चावल गबन का है. आरोप है कि दीपक कुमार चंचल ने गोदाम से कुल 2765.84 क्विंटल उसना चावल गायब कर दिया. इस चावल के मूल्य की गणना 34 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से करते हुए 94.38 लाख रुपये की वसूली के लिए नीलाम पत्र वाद दायर किया गया था. प्रभार हस्तांतरण के दौरान गोदाम में पाया गया था कम चावल मेराल स्थित राज्य खाद्य निगम के अनाज गोदाम का सहायक गोदाम प्रबंधक का प्रभार 16 सितंबर 2024 को दीपक कुमार चंचल ने जनसेवक दिलीप कुमार रजक को सौंपा था. प्रभार हस्तांतरण के दौरान गोदाम में लगभग 2399.68 क्विंटल चावल कम पाया गया था. इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा करायी गयी विस्तृत जांच में कुल 2765.84 क्विंटल चावल की कमी की पुष्टि हुई. जांच में यह भी सामने आया कि मेराल क्षेत्र के 16 जनवितरण प्रणाली दुकानदारों व मेराल और डंडई प्रखंड के विद्यालयों को चावल का वितरण नहीं किया गया था. इसके बावजूद वितरण पंजी में चावल वितरण दर्शाया गया था. अनियमितता की पुष्टि होने के बाद दर्ज करायी गयी थी प्राथमिकी जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद उपायुक्त के निर्देश पर दीपक कुमार चंचल के खिलाफ मेराल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. साथ ही गबन किये गये अनाज की राशि की वसूली के लिए नीलाम पत्र वाद भी दायर किया गया था. अब राशि जमा नहीं होने पर उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola