अंधविश्वास है भूत-प्रेत, दूर रहें

Published at :25 Feb 2016 9:00 AM (IST)
विज्ञापन
अंधविश्वास है भूत-प्रेत, दूर रहें

खबर पढ़ने के बाद कस्तूरबा विद्यालय पहुंचीं उपायुक्त, कहा प्रभात खबर के 24 फरवरी के अंक में ‘रात में चिल्लाती हैं छात्राएं’ शीर्षक खबर पढ़ने के बाद उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने बुधवार को रमकंडा पहुंच कर कस्तूरबा विद्यालय की पीड़ित छात्राओं से भेंट की. उनका हालचाल लिया. छात्राओं ने कहा कि रात होते ही […]

विज्ञापन
खबर पढ़ने के बाद कस्तूरबा विद्यालय पहुंचीं उपायुक्त, कहा
प्रभात खबर के 24 फरवरी के अंक में ‘रात में चिल्लाती हैं छात्राएं’ शीर्षक खबर पढ़ने के बाद उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने बुधवार को रमकंडा पहुंच कर कस्तूरबा विद्यालय की पीड़ित छात्राओं से भेंट की. उनका हालचाल लिया. छात्राओं ने कहा कि रात होते ही लगता है कि कोई उनका गला दबा रहा है. रातभर सो नहीं पातीं.
रमकंडा (गढ़वा) : उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने प्रभात खबर में 24 फरवरी के अंक में प्रकाशित खबर रात में चिल्लाती हैं छात्राएं के आलोक में बुधवार को रमकंडा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंच कर स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय में पढ़नेवाली कक्षा सात एवं नौ की छात्रा रेहाना खातून, सुगंति कुमारी, कविता कुमारी, प्रीति कुमारी, आरती कुमारी, सोनम कुमारी, संगीता कुमारी आदि से बातचीत की.
इस दौरान इन छात्रों ने उपायुक्त को बताया कि रात में उन्हें लगता है कि अचानक कोई उनका गला दबा रहा है. किसी ने कहा कि लगता है कि कोई उसे दौड़ा कर पकड़ने की कोशिश कर रहा है. इसके कारण वह उसका पीछा छुड़ाने में लगी रहती है. छात्राओं ने कहा कि ऐसी स्थिति के कारण वे रातभर नहीं सो पाती हैं. इस पर उपायुक्त ने उन्हें समझाते हुए कहा कि भूत-प्रेत कोई चीज नहीं होता. यह सब अंधविश्वास है. उन्होंने छात्राओं को इस भ्रम को निकालने की बात कही.
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की वार्डन को विद्यालय में एक सप्ताह से हो रही इस प्रकार की परेशानी को अधिकारियों को सूचित नहीं करने के लिए कड़ी डांट पिलायी. साथ ही उन्होंने विद्यालय की दयनीय शिक्षा व्यवस्था एवं अन्य समस्याओं से अवगत होने के बाद काफी नाराजगी जतायी. उन्होंने वार्डन को इस बात की चेतावनी दी कि ऐसी दोबारा गलती होने पर उन्हें हटा दिया जायेगा.
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की छात्राओं के लिए कोचिंग की व्यवस्था करने, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी को अपने पुराने थाना भवन में रात्रि प्रहरी लगाने एवं समय पर पेट्रोलिंग करने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय भवन को जल्द पूरा किया जायेगा, ताकि छात्राओं को परेशानी न हो.
उपायुक्त के पहुंचने की सूचना पर जिप उपाध्यक्ष रेखा देवी, रमकंडा जिप सदस्य गायत्री गुप्ता, सीएस डॉ बिंदेश्वरी रजक, रंका एसडीओ जावेद अनवर ईदरिशी, बीडीओ दयानंद प्रसाद जायसवाल, बीपीओ सुनीता कुजूर सहित कई लोग उपस्थित थे. इस दौरान उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों को समय-समय पर कस्तूरबा विद्यालय का निरीक्षण करने का निर्देश दिया.
सवाल का जवाब नहीं दे पायी छात्राएं
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से गणित विषय से संबंधित जब सवाल पूछा, तो छात्राएं उसका जवाब नहीं दे पायीं. इस दौरान उपायुक्त ने नौवीं कक्षा की छात्राओं से कार्डिल पेशी, चिकनी पेशी एवं थॉयराइड ग्रंथि के बारे में पूछा. लेकिन छात्राएं नहीं बता सकीं. उपायुक्त ने इस दौरान छात्राओं को गणित का सवाल हल करके बताया. छात्राओं ने इस दौरान विद्यालय में ठीक से पढ़ाई नहीं होने सहित आवासीय समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा.
डीइओ पर नाराजगी जतायी
उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने देर से पहुंचे जिला शिक्षा पदाधिकारी रामयतन राम पर भी नाराजगी जतायी. उन्होंने इस बात पर नाराजगी व्यक्त की कि निर्देश के बावजूद न तो डीइओ और न ही डीएसइ वहां पहुंचे हुए थे. उपायुक्त ने कहा कि उन्हें शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार चाहिये. उन्होंने कहा कि सिर्फ जिला में रहने के बजाय वे ग्रामीण इलाकों में व्यवस्था को देखें.
छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की गयी
उपायुक्त के साथ विद्यालय में मेडिकल टीम भी पहुंची हुई थी. छात्राओं के अंधविश्वास से जुड़ी समस्या सुनने के बाद उपायुक्त के निर्देश पर सीएस मेडिकल टीम में साइलोजिकल समस्याओं से संबंधित दवा की जगह डयरिया, मलेरिया आदि की दवा लेकर पहुंचे थे. इस पर उपायुक्त ने सीएस को जमकर फटकारा. उन्होंने छात्राओं का उन्हें ब्लड सैंपल लेने को निर्देश दिया.
साथ ही उन्होंने छात्राओं को बीमारी से संबंधित इलाज का भी निर्देश दिया. इसके बाद विद्यालय की 16 छात्राओं का रक्त नमूना लिया गया. नमूना की जांच के बाद मेडिकल टीम ने डीसी को बताया कि छात्राओं में वैसी कोई बीमारी नहीं है, बल्कि सभी छात्राएं भ्रम की शिकार बनी हुई हैं. वे मानसिक रूप से डरी हुई हैं. मेडिकल टीम में डॉ अशोक कुमार, डॉ रामाशीष चौधरी, मुकेश कुमार, कांति तिर्की, अरविंद द्विवेदी आदि उपस्थित थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola