निकाय चुनाव में पार्टी का हो बेहतर प्रदर्शन, तैयारी में जुटें

स्थापना दिवस को लेकर हुई प्रमंडलीय बैठक में लिये गये कई निर्णय, बोले मंत्री हफीजुल
दुमका. दो फरवरी को आयोजित झामुमो स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर रविवार को दुमका में प्रमंडलीय बैठक हुई. बैठक में मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने कहा कि छोटे सरकार बसंत सोरेन के मार्गदर्शन में इस बार की तैयारी और बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि संगठन क्षेत्र में मजबूत है. संताल परगना में गठबंधन ने 18 में 17 सीटें जीती हैं. अब निकाय चुनाव को लेकर भी गंभीरता से विचार करने की जरूरत है. शहरों में पार्टी का प्रदर्शन और बेहतर हो, इस पर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में तालमेल जरूरी है. चाहे अध्यक्ष का चुनाव हो या पार्षद का, झामुमो को चुनाव लड़ कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करानी होगी. हफीजुल हसन अंसारी ने कहा कि दो फरवरी को गांधी मैदान से मिलने वाला संदेश कार्यकर्ताओं के लिए टॉनिक जैसा होता है, जो लंबे समय तक असर करता है. दीवार लेखन की परंपरा बनी रहनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पहले दो फरवरी दुमका चले के नारे के साथ दीवार लेखन होता था, अब लगने वाले फ्लैक्स 3-4 फरवरी को हट जाते हैं. उन्होंने कहा कि संताल परगना में पार्टी के 11 विधायक और दो सांसद हैं. किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं होने दी जायेगी. उन्होंने एसआइआर को लेकर सतर्कता, कटिहार में बांग्लादेशी बताकर नाम काटे जाने के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे लोगों के नाम काटने की कोशिश हो सकती है, इसलिए नजर रखनी होगी. महिला संगठन को भी मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि गुरुजी के आशीर्वाद से आयोजन भी ऐतिहासिक होगा और सब कुछ बेहतर होगा.
झारखंड दिवस संघर्षों को याद करने का दिन : स्टीफन
महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि प्रमंडलीय बैठक की शुरुआत के पीछे संगठनात्मक उद्देश्य रहे है. अविभाजित संताल परगना को बनाये रखने के लिए पार्टी ने संघर्ष किया. बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा ने प्रमंडल के विभाजन और आंदोलन को कमजोर करने के प्रयासों का झामुमो ने कोर्ट तक जाकर विरोध किया. तीर-धनुष पर लगे प्रतिबंध को हटवाने के लिए इंदिरा गांधी से मुलाकात तक करनी पड़ी. झारखंड दिवस उन तमाम संघर्षों को याद करने का दिन है. उन्होंने कहा कि झारखंड दिवस उन तमाम संघर्षों को याद करने का दिन है. तैयारी जोर-शोर से होनी चाहिए. प्रयास यह होना चाहिए कि ऐसी प्रमंडलीय बैठक साल में दो-तीन बार हो और देवघर, साहिबगंज, पाकुड़ जैसे स्थानों पर भी आयोजित की जाये. उन्होंने डिलिमिटेशन के भाजपा प्रयास, एसआइआर को गंभीरता से लेने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और पदाधिकारियों को जनता और संगठन के बीच सेतु बनने की बात कही. कहा कि असम दौरे से पार्टी की टीम लौटी है. आनेवाले समय में झामुमो वहां भी प्रत्याशी देगी. भाजपा ने झारखंड में हमें परेशान किया, अब हम उनका दिमाग खराब करेंगे. गुजरात में भी लोग भाजपा नेतृत्व से नाराज हैं, उन्होंने कहा कि गुरुजी की वाणी और सोच हमेशा जिंदा रहेगी, बशर्ते हम उनके सपनों के अनुरूप कार्यक्रम और विचारों को आगे बढ़ायें. 2 फरवरी को कार्यकर्ता डुगडुगी के साथ आयेंगे और तमाक वालों को भी जरूर लायेंगे.
हर जिले के लिए अलग-अलग होगी पार्किंग की व्यवस्था : नलिन
दुमका सांसद नलिन सोरेन ने संघर्ष के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि हर साल आयोजन अपने ही रिकॉर्ड तोड़ता गया. उन्होंने हर जिले के लिए अलग-अलग स्थानों पर बस पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया. जामा विधायक डॉ लोइस मरांडी ने कहा कि गांव-गांव तक झंडा पहुंचे, छोटी-बड़ी हर गाड़ी में झंडा दिखे, तभी माहौल बनेगा. डुगडुगी और तीर-धनुष झामुमो की पहचान है. लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला कमेटी की बैठक जल्द हो. पेसा कानून को लेकर फैलाये जा रहे भ्रम को दूर करना जरूरी है. 14 फरवरी से शुरू होनेवाली एसआइआर प्रक्रिया को लेकर संगठन को पूरी तरह तैयार करना होगा. सारठ विधायक उदयशंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि आज की स्थिति संघर्षों का परिणाम है. पहले परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं. गुरुजी के विचारों को भुलाया नहीं जा सकता. शिकारीपाड़ा विधायक आलोक सोरेन ने कहा कि गांधी मैदान के मंच से ही हमेशा तय हुआ है कि झारखंड किस दिशा में जायेगा. गुरुजी का नारा “अबुआ दिशोम, अबुआ राज” आज भी प्रासंगिक है. बोरियो विधायक धनंजय सोरेन ने कहा कि सभी कार्यकर्ता तीर-धनुष और डुगडुगी के साथ कार्यक्रम में पहुंचें और आयोजन को सफल बनायें. उन्होंने पार्किंग व्यवस्था प्रखंडवार करने की बात कही. बैठक को जॉयस बेसरा, अब्दुस सलाम अंसारी समेत कई अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया. मंच संचालन दुमका जिलाध्यक्ष शिव कुमार बास्की ने किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




