दुमका में खौफनाक मंजर: जामताड़ा से लापता युवक का जंगल में मिला सड़ा-गला शव, मंचा हड़कंप

दुमका के जंगल से युवक का शव बरामद, Pic Credit- AI only for Symbolism
Dumka Crime News: दुमका के मसलिया थाना क्षेत्र के चांदना वनबाद में जामताड़ा के लापता युवक लक्ष्मीकांत मंडल का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका मिला. पुलिस ने सामान के आधार पर लाश की पहचान कराई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पढ़ें, परिवार के सदस्यों का इस संबंध में क्या कहना है.
मसलिया से मिलन साधु की रिपोर्ट
Dumka Crime News, दुमका : दुमका जिला अंतर्गत मसलिया थाना क्षेत्र के चांदना गांव स्थित वनबाद के एक सुनसान और जंगली इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पलाश के पेड़ से फंदे के सहारे लटका एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. मृतक की पहचान जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत अगौया गांव निवासी 40 वर्षीय लक्ष्मीकांत मंडल उर्फ लखिकांत मंडल के रूप में की गई है. सूचना मिलने पर मसलिया थाना पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया.
धान का बीज खरीदने निकला था घर से
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीकांत मंडल करीब सात दिन पहले अपने घर से नाला बाजार जाने की बात कहकर निकला था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें खेती के लिए धान का बीज खरीदना था, लेकिन बाजार जाने के बाद वह वापस घर नहीं लौटे. परिवार वालों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका था. परिजनों ने यह भी स्वीकार किया कि लक्ष्मीकांत की मानसिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं थी और वह अर्धविक्षिप्त प्रवृत्ति के थे, जिसके कारण उनके कहीं दूर भटक जाने की आशंका पहले से ही जताई जा रही थी.
Also Read: छुट्टियां मनाने गांव आया मासूम तालाब में डूबा, एक सप्ताह बाद लौटना था दिल्ली
जंगल से आ रही दुर्गंध ने खोला राज
चांदना गांव का वनबाद इलाका काफी एकांत और जंगली है, जहां आमतौर पर स्थानीय लोगों की आवाजाही न के बराबर होती है. यही वजह रही कि कई दिनों तक शव पेड़ से लटका रहा और किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी. करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद जब शव बुरी तरह सड़ने लगा और हवा के साथ आसपास के इलाके में भारी दुर्गंध फैलने लगी, तब जाकर ग्रामीणों को किसी अनहोनी का अहसास हुआ. स्थानीय लोग जब हिम्मत जुटाकर दुर्गंध वाली जगह पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति का शव गमछे के फंदे से पेड़ पर झूल रहा है, जिसके बाद तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी गई.
थाना प्रभारी दलबल के साथ पहुंचे
भयावह घटना की सूचना मिलते ही मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन, एसआई अभय सिंह और उमेश सिंकू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव कई दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह गल चुका था और उस पर कीड़े लग चुके थे, जिससे चेहरा पहचानना नामुमकिन था. घटनास्थल की कड़ाई से जांच करने के दौरान पुलिस को मृतक का एक थैला, गमछी, लूंगी, कमीज, फुल पैंट, 1100 रुपये नकद और एक दुकान की पर्ची बरामद हुई. पुलिस ने इन कपड़ों और सामान की तस्वीरें विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स और थानों में साझा कीं, जिसके बाद जामताड़ा से पहुंचे परिजनों ने सामान देखकर रोते-बिलखते हुए शव की शिनाख्त की. इस दुखद मामले में मृतक के भाई अधीर मंडल के बयान पर मसलिया थाने में यूडी (अपमृत्यु) केस दर्ज किया गया है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










