दूसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अरघा से ज्योतिर्मय भगवान नागेश का किया जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन

बासुकिनाथ फूलों से सजा मंदिर में भक्तों की भीड़, कतारबद्ध श्रद्धालु ---- | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बासुकिनाथ धाम में दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कांवरियों ने अरघा के जरिए बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

विज्ञापन

बासुकिनाथ: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 11वें दिन दूसरी सोमवारी पर बाबा फौजदारीनाथ के जलार्पण के लिए बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह 3:30 बजे से ही मंदिर प्रांगण, शिवगंगा घाट और मेला परिसर कांवरियों से पट गया. चारों ओर बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे.

विज्ञापन

कांवरियों ने अरघा के माध्यम से ज्योतिर्मय भगवान नागेश का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की.दूसरी सोमवारी को लेकर बाबा फौजदारीनाथ मंदिर को सुगंधित फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है. मध्यरात्रि के बाद से ही तारा मंदिर रोड स्थित इंट्री प्वाइंट से कांवरियों की कतार लगनी शुरू हो गई थी.

मंदिर का पट खुलने के बाद श्रद्धालुओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बारी-बारी से अरघा तक पहुंचाया गया. शिवगंगा-तारा मंदिर रोड स्थित इंट्री प्वाइंट से शुरू हुई कतार छाया शेड, क्यू कॉम्प्लेक्स और संस्कार मंडप होते हुए हाथी द्वार तक पहुंची.

इसके बाद श्रद्धालु स्टील बैरिकेडिंग के बीच मंदिर परिसर में पहुंचे और अरघा में गंगाजल अर्पित किया.महिला और पुरुष कांवरियों ने कतारबद्ध होकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति देखते ही बन रही है. सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर का पट कांवरियों के लिए खोल दिया गया.

भीड़ को नियंत्रित करने और जलार्पण को सुगम बनाने के लिए मंदिर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन की टीम दिनभर व्यवस्था में जुटी रही. श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर शेड की व्यवस्था की गई है.

इंटरनेट जलार्पण से भी बाबा के दर्शन

मंदिर के निकास द्वार के समीप जलार्पण काउंटर की व्यवस्था की गई है. यहां श्रद्धालु गंगाजल डालकर बाबा को जल अर्पित कर रहे हैं. काउंटर में डाला गया गंगाजल पाइप के माध्यम से सीधे गर्भगृह में स्थापित बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर पहुंचता है.

श्रद्धालु इस व्यवस्था को इंटरनेट जलार्पण के नाम से जानते हैं. काउंटर पर लगाए गए 10 एलईडी टीवी के माध्यम से श्रद्धालुओं को गर्भगृह में विराजमान बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग का सीधा दर्शन भी कराया जा रहा है.

इससे भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को जलार्पण के साथ बाबा के दर्शन की सुविधा मिल रही है.पूरे दिन बासुकिनाथ धाम बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धालु बाबा फौजदारीनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते नजर आए.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola