CM हेमंत के आदेश की उड़ी धज्जियां, दुमका में पानी को तरसीं ‘मंइयां सम्मान’ की लाभुक महिलाएं

Updated:
विज्ञापन
Maiya Samman Yojana Dumka

सत्यापन के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं

Maiya Samman Yojana Dumka: दुमका के मसलिया प्रखंड की गुमरो पंचायत में ‘मंइयां सम्मान योजना’ के भौतिक सत्यापन के दौरान भारी कुप्रबंधन देखा गया. चिलचिलाती धूप में पानी की व्यवस्था न होने से हजारों महिलाएं बेहाल रहीं. बीडीओ रांची में ट्रेनिंग पर हैं और जनप्रतिनिधियों को सूचना तक नहीं थी.

विज्ञापन

दुमका से पवन पंडित की रिपोर्ट

Maiya Samman Yojana Dumka, दुमका : दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत गुमरो पंचायत भवन परिसर में सोमवार को ‘मंइयां सम्मान योजना’ के भौतिक सत्यापन के दौरान प्रशासन और स्थानीय कर्मियों की कुप्रबंधन का नजारा देखने को मिला. सत्यापन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पहुंचीं हजारों महिलाओं की भारी भीड़ के कारण पूरे परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी. स्थिति ये थी चिलचिलाती धूप में प्रशासन ने पीने के पानी तक की बुनियादी व्यवस्था नहीं की थी, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद सभी सार्वजनिक स्थलों पर पानी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था.

भीषण उमस में बेहाल हुईं महिलाएं, छांव तक का नहीं था इंतजाम

योजना के सत्यापन कार्य के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं और बुजुर्ग पंचायत भवन पहुंचने लगे थे. दोपहर होते-होते भीड़ का आंकड़ा हजारों के पार पहुंच गया। कड़कड़ाती धूप और उमस के बीच घंटों लाइन में खड़ी दर्जनों महिलाएं चक्कर खाकर गिरने की स्थिति में आ गईं. धूप से बचने के लिए परिसर में छांव की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण गोद में दुधमुंहे बच्चों को लिए महिलाएं पेड़ की छांव और दीवारों की ओट में छिपने को मजबूर दिखीं.

पानी का एक टैंकर तक नहीं, बूंद-बूंद को तरसे लोग

मई की इस तपती गर्मी में पंचायत भवन परिसर में पीने के पानी का कोई इंतजाम नहीं था. इतने बड़े पैमाने पर महिलाओं को बुलाए जाने के बावजूद न तो कोई वाटर टैंकर मंगाया गया था और न ही ओआरएस या मेडिकल किट की कोई आपातकालीन व्यवस्था थी. प्यास से बेहाल लोग पानी के लिए आसपास के हैंडपंपों की तरफ भागते दिखे. महिलाओं ने आक्रोश जताते हुए कहा कि इतने बड़े आयोजन की पूर्व सूचना होने के बावजूद प्रशासन ने पानी जैसी अनिवार्य जरूरत को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया.

Also Read: लोहरदगा के चूल्हापानी में धूम-धाम से मनाया गया गंगा दशहरा, राज्यपाल ने की पूजा-अर्चना

मुखिया और वार्ड सदस्य सूचना से बेखबर

भीड़ के अनुपात में सत्यापन करने वाले कर्मियों की संख्या बेहद कम होने के कारण भौतिक सत्यापन की रफ्तार कछुआ गति से चल रही थी. घंटों इंतजार करने के बाद भी जब नंबर नहीं आया, तो ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया, जिससे परिसर में कई बार तीखी नोकझोंक और अफरा-तफरी की स्थिति बनी. मौके पर मौजूद पंचायत सचिव आकाश कुमार ने बताया कि भौतिक सत्यापन का यह कार्य केवल उनके और उनके पंचायत सहायक द्वारा किया जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि इस बड़े आयोजन को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अंधेरे में रखा गया. पंचायत की मुखिया सावित्री मुर्मू ने स्पष्ट कहा कि उन्हें इस सत्यापन कार्य की कोई पूर्व जानकारी ही नहीं दी गई थी. वहीं, पंचायत के वार्ड सदस्यों और आंगनवाड़ी सेविकाओं को भी इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं थी.

बीडीओ बोले- रांची में हूं ट्रेनिंग पर

इस अव्यवस्था और कुप्रबंधन के विषय में जब मसलिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अजफर हसनैन से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि वे फिलहाल रांची में एक सरकारी ट्रेनिंग के लिए आए हुए हैं. प्रखंड स्तर पर आला अधिकारियों की अनुपस्थिति और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में न लेने के कारण यह पूरा आयोजन अराजकता की भेंट चढ़ गया. अब स्थानीय स्तर पर यह गंभीर सवाल उठ रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ को पंचायत सचिव ने बिना पूर्व तैयारी के बुला कैसे लिया? क्या महज दो लोग पूरी पंचायत की महिलाओं का सत्यापन सुचारू रूप से कर सकते थे? यदि नहीं, तो फिर इन गरीब और ग्रामीण महिलाओं के बैठने, छांव और पानी की मुकम्मल व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

Also Read: पूर्व मंत्री माधव बाबू के द्वादश श्राद्धकर्म में संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola