गुड न्यूज : सर्वे शुरू, जल्द दूर होगी वर्षों पुरानी सड़क की बदहाली, सीतपहाड़ी सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेज

Author Abhishek|Edited by Amleshnandan Sinha
Updated:
विज्ञापन

मंगलपुर से कदमा जाने वाली सड़क | Prabhat Khabar Network

दुमका के काठीकुंड में वर्षों पुरानी सड़क की बदहाली दूर होगी. चंद्रपुरा-बाघशोला और मंगलपुर-सीतपहाड़ी सड़क निर्माण के लिए सर्वे का काम शुरू हो गया है.

विज्ञापन

अभिषेक, काठीकुंड (दुमका)

आपके शहर में

विज्ञापन

काठीकुंड प्रखंड के ग्रामीण इलाकों की वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है. जानकारी के मुताबिक पथ निर्माण विभाग द्वारा पीडब्लूडी रोड चंद्रपुरा से पीडब्लूडी रोड बाघशोला तक 5 किलोमीटर तथा पीडब्लूडी मंगलपुर से पीडब्लूडी सीतपहाड़ी वाया कोदालछोला ( कदमा ) तक 8 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया है. जानकारी के अनुसार दोनों सड़कें 5.5 मीटर चौड़ाई में बनाई जाएंगी. इन दोनों परियोजनाओं के धरातल पर आने से न केवल ग्रामीणों को जर्जर सड़क से राहत मिलेगी, बल्कि काठीकुंड, शिकारीपाड़ा और दुमका के बीच संपर्क भी पहले से अधिक सुगम होगा.

लंबे समय से उठ रही थी सड़क निर्माण की मांग

चंद्रपुरा-बाघशोला और मंगलपुर-सीतपहाड़ी मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं. बरसात के दिनों में इन सड़कों पर आवागमन बेहद कठिन हो जाता है. जगह-जगह गड्ढे और बोल्डर निकल आने के कारण वाहन चालकों, विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय ग्रामीण कई वर्षों से इन सड़कों के निर्माण की मांग जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं. अब सर्वे शुरू होने से लोगों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है.

इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

चंद्रपुरा-बाघशोला सड़क बनने से चंद्रपुरा, रांगामटिया, चांदोपानी, बाघशोला और मोहनपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी. यह मार्ग काठीकुंड प्रखंड को शिकारीपाड़ा प्रखंड के कई गांवों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है. वहीं मंगलपुर-सीतपहाड़ी वाया कदमा सड़क बनने से मंगलपुर, लखनपुर, आस्ताजोड़ा, कर्णपुरा, कदमा, भिटरा सहित कई गांवों के लोगों का दुमका और शिकारीपाड़ा की ओर आवागमन आसान होगा.

कृषि गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

सड़क बनने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी. परिवहन लागत घटेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों तथा सार्वजनिक परिवहन संचालकों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है. अच्छी सड़क बनने से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को विशेष राहत मिलेगी. आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की आवाजाही भी पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगी.

ग्रामीणों में जगी उम्मीद

विभागीय प्रक्रिया के तहत वर्तमान में सड़क का सर्वे किया जा रहा है. सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाएगा. इसके बाद प्रशासनिक स्वीकृति, निविदा और निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. सर्वे कार्य शुरू होने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होकर समय पर पूरा हो जाता है तो वर्षों से चली आ रही सड़क की समस्या समाप्त हो जाएगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.

क्या कहना है विधायक का

बिजली, सड़क और पानी की समस्या को अपने विधानसभा क्षेत्र में दूर करना प्राथमिकता है. इन दोनों सड़कों की समस्या को लेकर क्षेत्र भ्रमण के साथ ही ग्रामीणों के द्वारा भी समस्या संज्ञान में थी. लगातार इस विषय पर लगा रहा. सड़क निर्माण की अनुशंसा को लेकर लगातार पत्राचार करता रहा हूं, जिसका परिणाम है कि आज सड़को के निर्माण को लेकर प्रकिया तेज कर दी गयी है. आलोक कुमार सोरेन, विधायक, शिकारीपाड़ा विधानसभा

ग्रामीणों की प्रतिक्रिया

यह सड़क वर्षों से जर्जर है. सर्वे शुरू होने से उम्मीद जगी है कि अब जल्द निर्माण होगा और लोगों को स्थायी राहत मिलेगी." : अब्दुल मन्नान, कदमा

काठीकुंड जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा. : मो. इस्माइल, कदमा

बाघशोला मार्ग की बदहाली से ग्रामीण वर्षों से परेशान हैं. सड़क बनने से यात्रा सुगम होगी, समय बचेगा और गांव के विकास को भी नई गति मिलेगी. : शेषराज मंडल, बाघशोला

सड़क बनने से बाजार, अस्पताल और सरकारी कार्यालय तक पहुंच आसान होगी. हम लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे. : निर्मल टुडू, बाघशोला


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola