एमएसटीसी लिमिटेड के बोर्ड में भाजपा नेता सह अधिवक्ता निवास मंडल नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर नियुक्त
निवास मंडल | Prabhat Khabar Network
दुमका के वरिष्ठ अधिवक्ता और भाजपा नेता निवास मंडल को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन MSTC लिमिटेड का नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
संवाददाता, दुमका. दुमका के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता निवास मंडल को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एमएसटीसी लिमिटेड के निदेशक मंडल में नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है. इस संबंध में इस्पात मंत्रालय के बोर्ड स्तरीय नियुक्ति प्रकोष्ठ ने 14 जुलाई 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया है. जारी आदेश के अनुसार निवास मंडल की नियुक्ति एमएसटीसी लिमिटेड के बोर्ड में नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर के रूप में की गयी है. उनकी नियुक्ति अधिसूचना जारी होने की तिथि से तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगी. श्री मंडल पेशे से अधिवक्ता हैं और पिछले 23 वर्षों से अधिवक्ता के रूप में सक्रिय हैं. वे लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं. बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर संगठन में उन्होंने जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं राज्य परिषद सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है. इसके अलावा वे जामताड़ा और पाकुड़ जिले के भाजपा प्रभारी भी रह चुके हैं.
आपके शहर में
राजनीतिक संगठन के क्षेत्र में भी श्री मंडल की सक्रिय भूमिका रही है. बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. भारत सरकार के उप सचिव शुभेंदु होता के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि एमएसटीसी लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, कंपनी सचिव, रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज, लोक उद्यम विभाग, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग सहित संबंधित विभागों को भेजी गई है. साथ ही इसकी प्रति श्री मंडल को भी प्रेषित की गयी है. निवास मंडल की इस नियुक्ति पर दुमका सहित संताल परगना के भाजपा कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है. लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए