तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी: दुमका- भागलपुर सड़क पर ट्रक की चेपट में आने से व्यक्ति की मौत

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद जांच करने पहुंची पुलिस.

दुमका-भागलपुर मुख्य पथ पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे एक राहगीर को कुचल दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई. इस घटना से मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, नोनीहाट. दुमका-भागलपुर मुख्य पथ पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के भतुड़िया ए गांव के समीप शुक्रवार को सड़क किनारे पैदल घर लौट रहे एक राहगीर को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर के बाद वह ट्रक के नीचे जा गिरा. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका पहुंचाया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद मृतक के गांव में मातम पसरा हुआ है.

आपके शहर में

विज्ञापन

नोनीहाट बाजार से खरीदारी कर लौट रहे थे घर

मृतक की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के भतुड़िया ए गांव निवासी आनंद चालक के रूप में बतायी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, आनंद शुक्रवार को नोनीहाट बाजार से खरीदारी करने के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे. वह सड़क के किनारे होकर भतुड़िया ए की ओर जा रहे थे. इसी दौरान हंसडीहा की ओर जा रहे एक ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रहे आनंद को अपनी चपेट में ले लिया.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि आनंद ट्रक के नीचे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. लोगों ने तत्काल घायल को बाहर निकाला और इलाज के लिए दुमका भेजा.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सकों ने आनंद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार शुरू किया. हालांकि, शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

मौत की खबर से गांव में पसरा मातम

आनंद की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गयी. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के अनुसार, आनंद परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.

मृतक अपने पीछे पत्नी गायत्री देवी (42 वर्ष), पुत्र अनुराग चालक (20 वर्ष) और पुत्री कोमल कुमारी (17 वर्ष) को छोड़ गये हैं. अचानक हुए हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में है.

ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने प्रशासन से सड़क पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके.

इधर, रामगढ़ थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola