दुमका के दानीनाथ मंदिर की दानपेटी पर फिर चोरों का धावा, दो ताले तोड़कर ले गये चढ़ावे की रकम
चोरी के बाद दान राशि गिनते पंडा समाज के लोग . | Prabhat Khabar Network
काठीकुंड के प्रसिद्ध दानीनाथ मंदिर में शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोल दिया. चोरों ने दानपेटी के दो ताले तोड़कर उसमें जमा चढ़ावे की रकम पार कर दी. डेढ़ साल पहले भी इसी तरह की चोरी हुई थी, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश है.
प्रतिनिधि, काठीकुंड. दुमका जिले के काठीकुंड प्रखंड क्षेत्र स्थित दानीनाथ मंदिर में शुक्रवार की रात चोरों ने दानपेटी के दो ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. शनिवार सुबह पंडा समाज के स्थानीय लोगों के मंदिर पहुंचने पर दानपेटी खुली मिली, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई. चोरी की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में चिंता के साथ आक्रोश का माहौल बन गया.
आपके शहर में
तीन में से दो ताले तोड़कर दानपेटी से राशि ले गये चोर
बताया गया कि मंदिर परिसर में रखी दानपेटी में तीन ताले लगाए गये थे. चोरों ने इनमें से दो ताले तोड़कर दानपेटी खोल दी और उसमें जमा दान की राशि लेकर फरार हो गये. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी.
सूचना मिलते ही एसआई केदारनाथ पूर्ति पुलिस टीम के साथ दानीनाथ मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, ताकि वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान की जा सके.
डेढ़ साल पहले भी हुई थी दानपेटी में चोरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, दानीनाथ मंदिर की दानपेटी में इससे पहले भी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व चोरी की घटना हुई थी. उस मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद एक व्यक्ति के जेल जाने की बात सामने आयी थी. इसके बावजूद एक बार फिर मंदिर की दानपेटी को निशाना बनाये जाने से स्थानीय पंडा समाज और श्रद्धालुओं में नाराजगी है.
एक साल से नहीं खोली गयी थी दानपेटी
मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, दानपेटी में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ायी गयी राशि जमा होती है, जिसका उपयोग मंदिर के विभिन्न कार्यों में किया जाता है. मंदिर कमिटी के लोगों ने बताया कि घटना से पहले दानपेटी को दो बार खोलकर उसमें जमा राशि निकाली जा चुकी थी. इसके बाद करीब एक वर्ष से दानपेटी नहीं खोली गयी थी.
इसी दौरान श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ायी गयी राशि दानपेटी में जमा होती रही, जिसे चोरों ने निशाना बनाया. चोरी हुई रकम कितनी है, इसका फिलहाल स्पष्ट आकलन नहीं हो सका है.

बची राशि की गिनती, चोरी की रकम का लगाया जा रहा अनुमान
घटना के बाद स्थानीय पंडा समाज के लोगों की मौजूदगी में दानपेटी को खोलकर उसमें बची दान राशि की गिनती की जा रही थी. साथ ही चोरी हुई रकम का अनुमान लगाने के लिए पूर्व में निकाली गयी राशि और दानपेटी में मौजूद रकम का हिसाब जुटाया जा रहा है.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए