जनजातीय हिजला मेला महोत्सव का प्रचार-प्रसार ओलचिकी लिपि में कराने की मांग

प्रचार सामग्री को संताली भाषा की ओलचिकी लिपि में भी प्रकाशित करने की मांग को लेकर दुमका के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उपायुक्त एवं एसडीओ को संयुक्त ज्ञापन सौंपा.
दुमका. राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव–2026 में प्रयुक्त होने वाली प्रचार सामग्री को संताली भाषा की ओलचिकी लिपि में भी प्रकाशित करने की मांग को लेकर दुमका के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उपायुक्त सह मेला अध्यक्ष एवं अनुमंडल पदाधिकारी सह मेला सचिव को संयुक्त ज्ञापन सौंपा. संगठनों ने मांग की कि हिजला मेला महोत्सव के दौरान उपयोग में आने वाले बैनर, पोस्टर, स्मारिका, आमंत्रण पत्र, कृषि प्रदर्शनी एवं अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री संताली भाषा की ओलचिकी लिपि में भी प्रकाशित की जाए. उनका कहना है कि झारखंड में आदिवासियों के नाम पर आयोजित यह एकमात्र राजकीय मेला महोत्सव है, जिसमें संताल समुदाय की सांस्कृतिक, पारंपरिक और कृषि संबंधी विरासत को प्रदर्शित किया जाता है. संगठनों ने कहा कि हिजला मेला क्षेत्र संताल बहुल है और यहां की मातृभाषा संताली है. ऐसे में मेला संबंधी सामग्री को ओलचिकी लिपि में प्रस्तुत करना न केवल जनभावनाओं के अनुरूप होगा, बल्कि यह संवैधानिक भावना के भी अनुकूल है. ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 22 दिसंबर 2003 को संताली भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया था तथा इसकी मान्यता प्राप्त लिपि ओलचिकी है. यदि मेला का प्रचार-प्रसार संताली भाषा और ओलचिकी लिपि में किया जाता है, तो इससे आदिवासी भाषा, संस्कृति और लिपि के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा सरकार की योजनाएं और संदेश ग्रामीण स्तर तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेंगे. ज्ञापन सौंपने वालों में पारसी आ़रीचा़ली मरांङ बुरू आखड़ा, संताल एसोसिएशन फॉर अवेयरनेस एंड रिफॉर्म, दिसोम मरांग बुरु युग जाहेर अखड़ा, दिसोम मरांग बुरु संताली अरिचली आर लेगचार अखड़ा, मरांग बुरु अखड़ा, ऑल चिकी हुल बैसी, सामाजिक जागरूकता युवा संगठन मसलिया, आदिवासी युवा संगठन जामताड़ा, खैरवाड़ सांवता ऐभेन बा़ईसी सहित अन्य संगठन से जुड़े शिवनाथ बेसरा, गोविंद मुर्मू, जोसेफ मुर्मू, परेश मुर्मू, राजेन्द्र मुर्मू, सुभाष किस्कू, सोनेलाल मुर्मू, कमिश्नर मुर्मू, सोनाधन बेसरा, रशीलाल मुर्मू, मुन्ना हांसदा, सुफल मुर्मू, प्रदीप मुर्मू, दास सोरेन, अर्जुन मुर्मू, रोहित मुर्मू, अनूप हांसदा, आदित्य हांसदा, अर्जुन मरांडी, परिमल मुर्मू, अमोद बास्की, विकास टुडू सहित कई लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




