ePaper

क्रोध से हमेशा हानि होती है, संयम ही सच्चा धर्म

Updated at : 28 Jan 2026 10:12 PM (IST)
विज्ञापन
क्रोध से हमेशा हानि होती है, संयम ही सच्चा धर्म

स्वामी गोपाल कृष्ण महाराज ने माता पार्वती और भगवान गणेश के जन्म से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया. कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ मैदान पहुंचे.

विज्ञापन

दुमका नगर. दुमका के यज्ञ मैदान में आयोजित द्वादश ज्योतिर्लिंग पूजन सह शिवपुराण कथा में वृंदावन से पधारे स्वामी गोपाल कृष्ण महाराज ने माता पार्वती और भगवान गणेश के जन्म से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया. कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ मैदान पहुंचे. कथा व्यास ने बताया कि माता पार्वती भगवान शिव की अर्द्धांगिनी होने के साथ-साथ शक्ति का स्वरूप हैं. उनका जन्म पर्वतराज हिमालय के घर हुआ था और उनकी माता का नाम मैना देवी था. उन्होंने कहा कि पूर्व जन्म में माता पार्वती सती के रूप में जन्मी थीं. एक प्रसंग के बाद उनके निधन के पश्चात भगवान शिव के वरदान से उन्होंने हिमालय के घर पुनर्जन्म लिया और कठोर तपस्या कर भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त किया. इस प्रसंग के माध्यम से स्वामी गोपाल कृष्ण महाराज ने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि किसी का अपमान नहीं करना चाहिए. परिवार और रिश्तों में सम्मान, प्रेम और अपनापन बनाए रखना ही सच्चा धर्म है. उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों में अपने परिजनों को साथ रखना और उनका आदर करना जीवन को सुखमय बनाता है. कथा के दौरान भगवान गणेश के जन्म का प्रसंग भी सुनाया गया. कथा व्यास ने बताया कि माता पार्वती ने अपने स्नेह और शक्ति से गणेशजी को जन्म दिया और उन्हें द्वारपाल बनाया. प्रसंग में उन्होंने बताया कि माता पार्वती ने अपने शरीर में हल्दी लगायी और उससे एक पुतला बनाया, जिसमें उन्होंने प्राण देकर भगवान गणेश को जन्म दिया था. बाद में पार्वतीजी ने उन्हें द्वारपाल नियुक्त किया लेकिन जब भगवान शिव ने पार्वती से मिलने की इच्छा जतायी तो भगवान गणेश ने उन्हें रोक दिया, जिससे क्रोध में शिव ने उनका शीश काट दिया. इस प्रसंग से यह सीख मिलती है कि क्रोध से विवेक नष्ट हो जाता है. स्वामी गोपाल कृष्ण महाराज ने कहा कि मनुष्य को कभी भी क्रोध नहीं करना चाहिए. क्रोध से सदैव नुकसान ही होता है, जबकि संयम और शांति से ही जीवन में सुख और सफलता मिलती है. उन्होंने श्रद्धालुओं से इस दुर्गुण से बचने और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया. शिवपुराण कथा के दौरान पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल से गूंज उठा और श्रद्धालु कथा में पूरी श्रद्धा के साथ लीन नजर आए.

विज्ञापन
BINAY KUMAR

लेखक के बारे में

By BINAY KUMAR

BINAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola