नूनबिल मेले में आस्था और मनोरंजन का दिखा अनूठा संगम

Updated:
विज्ञापन
नूनबिल मेले में आस्था और मनोरंजन का दिखा अनूठा संगम

गर्म जलकुंड में स्नान कर भक्तों ने माता को चढ़ाया नमक व बताशा

विज्ञापन

मसलिया. दलाही में आयोजित नूनबिल मेला न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह क्षेत्र की लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का भी जीवंत प्रतीक बनकर उभरा है. मेले के चौथे दिन आस्था व मनोरंजन का अनूठा संगम दिखा. मकर संक्रांति के बाद शुरू होने वाला यह आठ दिवसीय मेला इन दिनों आस्था, भक्ति और लोकसंस्कृति के रंग में रंगा है. कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कमी नहीं दिखी. मेले का मुख्य आकर्षण नूनबिल माता के प्रांगण में स्थित प्राकृतिक गर्म जलकुंड है. मान्यता है कि कुंड में स्नान करने से चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है. माता की पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. सुबह से ही श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर माता के दरबार में पूजा-अर्चना करते नजर आये. मेले में पूजा की अनूठी परंपरा भी देखने को मिल रही है, जहां श्रद्धालु नूनबिल बूढ़ी को नमक और बताशा अर्पित कर रहे हैं. आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के पुजारियों द्वारा पारंपरिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई जा रही है, जिससे मेले की सांस्कृतिक गरिमा और बढ़ गई है. मनोरंजन के लिहाज से भी मेला आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. मध्य प्रदेश के सागर जिले से आए लोहार कारीगरों द्वारा बनाए गए औजार लोगों का ध्यान खींच रहे हैं, वहीं युवा पीढ़ी के बीच टैटू बनवाने का जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है. मेले के विभिन्न स्टालों पर युवक-युवतियों की लंबी कतारें टैटू गुदवाने के लिए लगी रहीं. इस वर्ष नूनबिल नदी पर बने चेकडैम में बोटिंग की विशेष व्यवस्था की गयी है, जिसका लोग परिवार के साथ भरपूर आनंद उठा रहे हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा जा रहा है. मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Rakesh Kumar

लेखक के बारे में

By Rakesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola