एसकेएमयू में पीजी की बढ़ायी गयी सीटें

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 18 Dec 2013 5:38 AM

विज्ञापन

छात्र हित में लिया फैसला दुमका : सिदो कान्हू मुमरू विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर स्तर पर कई विभागों में सीट बढ़ाने का फैसला छात्रहित में लिया है. यह निर्णय कुलपति प्रो डॉ रामयतन प्रसाद की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई नामांकन समिति की बैठक में लिया गया. बैठक में अधिकांश विभागों में 8 से 50 तक […]

विज्ञापन

छात्र हित में लिया फैसला

दुमका : सिदो कान्हू मुमरू विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर स्तर पर कई विभागों में सीट बढ़ाने का फैसला छात्रहित में लिया है. यह निर्णय कुलपति प्रो डॉ रामयतन प्रसाद की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई नामांकन समिति की बैठक में लिया गया.

बैठक में अधिकांश विभागों में 8 से 50 तक सीटें बढ़ाने पर सहमति प्रान कर दी गयी. स्नातकोत्तर केंद्र दुमका में अब गणित में 75 से बढ़ाकर 125, हिंदी में 100 से बढ़ाकर 150, अर्थशास्त्र में 125 से बढ़ाकर 150, राजनीति विज्ञान में 150 से बढ़ाकर 175, इतिहास में 200 से बढ़ाकर 250 तथा मनोविज्ञान में 32 से बढ़ाकर 40 सीटें कर दी गयी हैं.

वहीं साहिबगंज कॉलेज में इतिहास में सीटें बढ़ाकर 150, अर्थशास्त्र में 100, राजनीति विज्ञान में 100, हिंदी में 100, मनोविज्ञान, भौतिक व रसायन में 40-40 तथा उर्दू, अंग्रेजी व दर्शनशास्त्र में 50-50 सीटें कर दी गयीं. संताली में भी सीट बढ़ाकर 70 कर दी गयी. देवघर महाविद्यालय में अर्थशास्त्र में सीट बढ़कर 100 तथा इतिहास व राजनीति विज्ञान में 150-150 कर दिया गया.

नामांकन के लिए आवेदन 9 जनवरी तक

छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ विनोद कुमार झा ने बताया कि बढ़ायी गयी सीटों से संबंधित निर्णय को वर्त्तमान सत्र से ही लागू किया जायेगा. लिहाजा स्नातकोत्तर में नामांकन की तिथि बढ़ा दी गयी है. अब 9 जनवरी तक संबंधित विषयों में नामांकन के लिए आवेदन किया जा सकेगा. बैठक में सरकार द्वारा निर्धारित आरक्षण नीति का अक्षरश: पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिये गये.

बैठक में थे मौजूद

बैठक में संकायाध्यक्ष डॉ वायपी राय, डॉ एनके अंबष्ठ, डॉ पीके घोष, डॉ केडी शर्मा, डॉ सिकंदर प्रसाद यादव, डॉ सीताराम सिंह, डॉ जीके ठाकुर, गणित विभाग के डॉ आरके दास, हिंदी के डॉ अमरेंद्र कुमार सिन्हा, प्रभारी कुलसचिव डॉ प्रकाश कुमार सिंह, प्रभारी परीक्षा नियंत्रक राजकुमार झा आदि मौजूद थे.

चुनौतियां: सवा साल में नहीं लग सके उपस्कर : यूजीसी के द्वारा प्राप्त अनुदान से पिछले साल सितंबर महीने में सभी स्नातकोत्तर विभागों में लगभग साढे छह लाख रुपये के उपस्कर और संसाधन खरीदे गये थे.

इन सामानों में क्लारुम का मॉडिफिकेशन करने के लिए स्मार्ट बोर्ड, व्हाइट बोर्ड, प्रोजेक्टर, इनवर्टर, सभी शिक्षकों के लिए लैपटॉप तथा विभाग में डेस्कटॉप -प्रिंटर आदि की खरीद हुई थी. कुछ विभागों को छोड़ अधिकांश में इस राशि से खरीदे गये उपकरणों का लाभ नहीं मिल पा रहा है. उपकरणों में धूल की परत जमी हुई है.

वर्गकक्ष की कमी

सिदो कान्हू मुमरू विश्वविद्यालय का आज तक अपना भवन नहीं बन सका है, जितने कमरे में भागलपुर विश्वविद्यालय के वक्त स्नातकोत्तर की कक्षायें संचालित होती थी, लगभग उतने ही कमरे आज भी स्नातक की पढ़ायी के लिए उपलब्ध हैं. इस दौरान कई नये विषय में पढ़ायी आरंभ हुई.

कमरे और बेंच-डेस्क उतने ही रहे, लेकिन छात्रों की संख्या लगातार बढ़ती गयी. विभाग में चार-पांच शिक्षक हैं, लेकिन वर्ग कक्ष एक. जिससे शिक्षकों को बैठे रह जाना पड़ता है. दो शिफ्ट में कक्षायें लेकर तत्काल इस समस्या का निदान किया जा सकता है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola