दुमका कोर्ट : विद्युत विभाग के कनीय अभियंता नरेंद्र कुमार ने शहर में छापेमारी कर विद्युत ऊर्जा चोरी करने का मामला पाते हुए तीन लोगों के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. डंगालपाड़ा पुराना दुमका की आशा के यहां टोका लगाकर विद्युत ऊर्जा चोरी के मामले में 56064 रूपये की क्षति पहुंचाने, मोरटंगा रोड केवटपाड़ा के पवन कुमार के यहां टोका लगाकर बिजली चोरी करने से विभाग को 28032 रुपये की क्षति पहुंचाने और संतोष मल्लहा के यहां टोका लगाकर बिजली चोरी करने में 6912 रुपये विभाग को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया गया है.
सड़क दुर्घटना में चार युवक घायल
गोपीकांदर. दुमका-पाकुड़ मुख्य सड़क मार्ग पर गोपीकांदर थाना क्षेत्र के जियापानी ढलान के निकट शनिवार को सड़क दुर्घटना में 4 युवक घायल हो गये. ये चारों बाइक में सवार होकर दुर्गापुर हाट से अपने घर डमरचीर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटी. बाइक में सवार सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरापाड़ा में भर्ती कराया.
कम अनाज देने पर लाभुकों ने किया सड़क जाम : जामा . खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाभुकों को डीलर द्वारा कम अनाज देने के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों ने दुमका-जामताड़ा पथ को खटंगी पंचायत के बिचकोड़ा के पास जाम कर दिया. इस दौरान ग्रामीण डीलर पर कम अनाज देने औ मनमाने तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए डीलर का लाइसेंस रद्द करने की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों ने बिचकोड़ा के पास सड़क को करीब 12 बजे जाम किया था, जो पांच घंटे तक जारी रही.
सड़क जाम की सूचना पाकर ग्रामीणों को समझाने जामा थाना के एसआइ रामावतार यादव और एमओ त्रिपुरारी प्रसाद राय मौके पर पहुंचे. यहां उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की बात कही, लेकिन वे नहीं माने. इसके बाद एमओ श्री राय ने ग्रामीणों को अगले महीने से उचित अनाज देने और डीलर के लाइसेंस रद्द कराने की दिशा में कार्रवाई के लिए डीसी से शिकायत करने का आश्वासन दिया. तब ग्रामीणों ने संतुष्ट होकर जाम हटाया और वाहनों का परिचालन शुरू हो पाया.
महिला से छेड़खानी का मामला दर्ज : रामगढ़. रामगढ़ थाना क्षेत्र के कड़बिंधा गांव की एक महिला ने छेड़खानी और छिनतई का मामला दर्ज कराया है. जिसके अनुसार महिला अपने गांव में एक किराना दुकान चलाती है. दुकान में डांडो गांव के अरुण मंडल आकर उसके साथ छेड़खानी करने लगा और जबरन गल्ले से 2000 रुपये लेकर भाग गया. दासो देवी ने रामगढ़ थाना कांड संख्या 06/16 में भादवि की धारा 341, 342, 323, 379, 394 व 504 के तहत अरूण मंडल के खिलाफ छेड़खानी और छिनतई का मामला दर्ज कराया है.
चचेरे भाई से विवाद में मारपीट : दुमका कोर्ट. शहर के दुधानी में चचेरे भाई से विवाद को लेकर जमकर मारपीट हुई. जिसमें प्रकाश शर्मा नामक एक व्यक्ति घायल हो गया. घायल प्रकाश ने बताया कि घर के सामने गैरेज में वह काम कर रहा था, तभी वहां उसका चचेरा भाई अजय शर्मा व दिलीप शर्मा आया और कहा कि गैरेज में काम करने नहीं देंगे.
इसी बात को लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया और अजय व दिलीप ने मिलकर रड से प्रकाश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया. तब वे दोनों वहां से भाग गये. झगड़े का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है.